Uncategorized

चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण से कांग्रेस के भ्रम की हवा निकली: सिसोदिया



अंबिकापुर। भारतीय जनता पार्टी सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने चुनाव आयोग द्वारा 26 सितंबर को जारी संयुक्त स्पष्टीकरण का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि आयोग के स्पष्ट बयान से SIR को लेकर कांग्रेस और विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और लगाए जा रहे आरोपों की सच्चाई सामने आ गई है। सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है। वह विरोध प्रदर्शन करके जनता के बीच अपने शीर्ष नेताओं का अस्तित्व बचाना चाहती है।

उन्होंने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा दोनों चुनाव आयुक्तों की बैठक के बाद आयोग ने स्पष्ट किया है कि देशभर में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) से संबंधित सभी प्रमुख निर्णय आयोग की सर्वसम्मति से लिए गए हैं। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि 24 जून 2025 को जारी एसआईआर आदेश तथा विभिन्न राज्यों के लिए जारी समय-सारणी भी सर्वसम्मति से स्वीकृत हुई थी। इस प्रक्रिया को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के 27 मई 2026 के आदेश का भी आयोग ने उल्लेख किया है।


सिसोदिया ने कहा कि कैबिनेट सेक्रेटरी को भेजा गया पत्र किसी नीतिगत निर्णय या आयोग के आईटी प्रभाग से संबंधित नहीं था, बल्कि प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी की कार्यप्रणाली से जुड़ा प्रशासनिक विषय था। ऐसे मामले को एसआईआर से जोड़कर राजनीतिक भ्रम पैदा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि फार्म-6 और उसके घोषणा-पत्र को लेकर भी आयोग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। साथ ही पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर फॉर्म एकत्र करने तथा रैन बसेरों, मजदूरों, गरीबों और बेघर लोगों के लिए विशेष शिविर लगाने जैसे कदम भी घोषित किए गए हैं, जो आयोग की निष्पक्षता को दर्शाता है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सहित विपक्ष को संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय तथ्यों और आधिकारिक स्पष्टीकरण का सम्मान करना चाहिए। लोकतंत्र में चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं पर जनता का विश्वास बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।

Share with