सियासत में दिखी सौहार्द की तस्वीर: दीपक बैज ने जाना किरण देव का हाल, डॉ. रमन सिंह से मिले टीएस सिंहदेव

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारों में मंगलवार का दिन दलगत राजनीति से परे आपसी सद्भाव और शिष्टाचार का गवाह बना। एक ओर जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज हाल ही में सड़क हादसे के बाद रायपुर लौटे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निवास पहुंचे, वहीं दूसरी ओर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके निवास पर औपचारिक मुलाकात की।

दीपक बैज ने जाना किरण देव का कुशलक्षेम बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद लंबे समय तक स्वास्थ्य लाभ लेकर रायपुर लौटे हैं। उनके आगमन की खबर मिलते ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और कांग्रेस के संगठन प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गेंदु उनके निवास स्थान पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने किरण देव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र एवं पूर्णतः स्वस्थ होने की कामना की।

टीएस सिंहदेव और डॉ. रमन सिंह की सौजन्य भेंट उधर, प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के निवास पहुंचे। दोनों दिग्गज नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई। इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए टीएस सिंहदेव ने लिखा कि डॉ. रमन सिंह से उनकी औपचारिक मुलाकात हुई है।

राजनीतिक कड़वाहट के बीच मानवीय रिश्तों की मिठास हाल के दिनों में प्रदेश के राजनीतिक माहौल में दिखी बयानबाजी और कड़वाहट के बीच इन मुलाकातों को बेहद अहम माना जा रहा है। राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बावजूद नेताओं के बीच दिखी यह आत्मीयता और मानवीय संवेदनाएं जनता के बीच सकारात्मक संदेश दे रही हैं।

मुलाकात के बाद प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, “राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए। हमारी राजनीतिक विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन व्यक्तिगत संबंध, शिष्टाचार और मानवीय संवेदनाएं अपनी जगह कायम रहनी चाहिए।”

Share with