छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़े बदलाव के संकेत, प्रदेश अध्यक्ष की रेस में सबसे आगे टीएस सिंहदेव, दिल्ली दौरे से बढ़ी हलचल

रायपुर। कांग्रेस ने पंजाब और उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष बदलने के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी संगठन में बड़े बदलाव के संकेत दे दिए हैं। इसी बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के दिल्ली रवाना होने से प्रदेश की सियासत गरमा गई है। हालांकि उनका दौरा पारिवारिक बताया जा रहा है, लेकिन इसे कांग्रेस संगठन में होने वाले फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है।
दिल्ली दौरे से बढ़ी हलचल
सूत्रों के अनुसार टीएस सिंहदेव दिल्ली होते हुए प्रयागराज जाएंगे। दौरा निजी होने के बावजूद इसका टाइमिंग काफी अहम माना जा रहा है। क्योंकि हाल ही में दो बड़े राज्यों में कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष बदले हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ में भी बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सिंहदेव लगातार दिल्ली में आलाकमान से मिलकर प्रदेश के राजनीतिक घटनाक्रम की जानकारी दे रहे हैं।

दीपक बैज का कार्यकाल पूरा
वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज हैं और उनका कार्यकाल पूरा हो चुका है। आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव तथा 2028 विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद में है। यही वजह है कि पिछले कुछ महीनों से कई दिग्गज नेताओं के दिल्ली दौरे बढ़े हैं।

सबसे मजबूत दावेदार हैं सिंहदेव
पार्टी के भीतर अंदरूनी चर्चा है कि साफ-सुथरी छवि और वरिष्ठता के कारण नए प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में टीएस सिंहदेव सबसे आगे हैं। इसके अलावा नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने भी कार्यभार संभालने के बाद संगठन की समीक्षा शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि प्रभारी की रिपोर्ट के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।

फिलहाल एआईसीसी की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन प्रदेश में संगठनात्मक फेरबदल की तैयारी तेज हो गई है और सभी की निगाहें दिल्ली पर टिकी हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी महीने नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान हो सकता है।

Share with