Uncategorized

गौरव पथ पर अवैध पार्किंग करने वालों पर सरगुजा पुलिस का हंटर

डीआईजी-एसएसपी के निर्देश पर संयुक्त टीम ने बसों को हटवाया, जाम से मिली राहत

अंबिकापुर। शहर के सबसे व्यस्ततम गौरव पथ मार्ग पर अव्यवस्थित और अनाधिकृत रूप से खड़ी बसों और चार पहिया वाहनों के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के दिशा निर्देशन में पुलिस, परिवहन विभाग और बस स्टैंड सहायता केंद्र की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण कर गौरव पथ को पूरी तरह से जाम मुक्त कराया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि अंबिकापुर बस स्टैंड के समीप गौरव पथ पर कई बसें नो-पार्किंग जोन में सड़क पर ही खड़ी कर दी जाती हैं। इससे शहर का मुख्य मार्ग बाधित होता है और आम नागरिकों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। नागरिकों को सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज 30 सितंबर को संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर गौरव पथ में अव्यवस्थित तरीके से खड़ी सभी बसों और अन्य वाहनों को तत्काल प्रभाव से हटवाया और मार्ग को आवागमन के लिए पूरी तरह बहाल कराया। इस दौरान बस चालकों और मालिकों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में गौरव पथ एवं मुख्य मार्गों पर वाहन खड़े कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने पर वैधानिक और चालानी कार्यवाही की जाएगी। सभी बस संचालकों को निर्देश दिया गया कि बसों को केवल निर्धारित बस स्टैंड परिसर के भीतर ही खड़ा करें।इस संयुक्त कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त्य, परिवहन विभाग से उप निरीक्षक ए.टी. द्विवेदी, बस स्टैंड सहायता केंद्र प्रभारी एएसआई संदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रहे। सरगुजा पुलिस ने सभी वाहन चालकों और बस संचालकों से अपील की है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें और अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। पुलिस-प्रशासन का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share with