Uncategorized

सड़क हादसों पर ब्रेक लगाने रिंग रोड से एनएच-43 तक के ब्लैक स्पॉट का पुलिस-प्रशासन ने किया संयुक्त निरीक्षण


अंबिकापुर। जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए सरगुजा पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में 30 सितंबर 2026 को यातायात पुलिस, परिवहन, नेशनल हाईवे और पीडब्ल्यूडी विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के प्रमुख दुर्घटना जन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
संयुक्त टीम ने रिंग रोड अंबिकापुर, बनारस रोड, खरसिया नाका, अंबिकापुर-बतौली मेन रोड एनएच-43 और प्रतापपुर रोड सहित अन्य ब्लैक स्पॉट का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों और उनके निदान पर विस्तृत चर्चा की गई। टीम ने पाया कि कई स्थानों पर संकेतक बोर्ड, स्पीड लिमिट बोर्ड और चेतावनी बोर्ड की कमी, सड़क में गड्ढे और तकनीकी खामियां हादसों की वजह बन रही हैं। निरीक्षण के बाद टीम ने तत्काल सुधार के लिए संयुक्त कार्ययोजना और रिपोर्ट तैयार की है। रिपोर्ट में ब्लैक स्पॉट स्थलों पर डामरीकरण, आवश्यक तकनीकी सुधार, दुर्घटना जन्य क्षेत्र संबंधी चेतावनी बोर्ड और स्पीड लिमिट बोर्ड लगाने के लिए स्थलों का चिन्हांकन किया गया है।
निरीक्षण के दौरान यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त्य, परिवहन विभाग से ए.टी. द्विवेदी, डीआरएम शिवराम परिडा, एनएच विभाग के एसडीओ निखिल लकड़ा, पीडब्ल्यूडी अनुभाग अंबिकापुर के उप अभियंता महेश साहू, थाना प्रभारी मणीपुर सी.पी. तिवारी, उप अभियंता सरिता ठाकुर, पल्लवी दुबे, प्रमोद मिश्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share with