Uncategorized

जमीन-मकान बेचने के नाम पर 7 लाख ठगने वाला धराया, यूपी से लौटते ही पुलिस ने दबोचा, कोर्ट ने भेजा जेल

कोरबा। मकान-जमीन बेचने के नाम पर 7 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को रजगामार चौकी और बालको नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। आरोपी हनुमान प्रसाद यादव (38) को रतनपुर बस स्टैंड पर घेराबंदी कर पकड़ा गया।

क्या है मामला
शिकायतकर्ता सिकंदर निवासी रजगामार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी हनुमान प्रसाद यादव और उसकी पत्नी अनीता यादव ने 22 नवंबर 2023 को मकान, जमीन और मलबा बेचने का इकरारनामा किया था। इकरारनामा के एवज में शिकायतकर्ता से 7 लाख रुपये नकद लिए गए। आरोप है कि राशि लेने के बाद न तो संपत्ति की रजिस्ट्री कराई गई, न ही मलबा दिया गया और बाद में जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई। शिकायत पर रजगामार चौकी में अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत धारा 420, 34 आईपीसी में मामला दर्ज किया गया था।

यूपी से लौटते ही धराया

मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था और उत्तर प्रदेश में छिपा हुआ था। 1 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी वापस लौट रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने रतनपुर बस स्टैंड में जाल बिछाया और बस से उतरते ही उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ चेक बाउंस (एनआई एक्ट 138) के 3 मामलों में न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंट भी लंबित थे। ये वारंट वर्ष 2022 और 2024 के मामलों में जारी हुए थे।

पुलिस ने आरोपी को 2 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 16 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक विनोद सिंह और प्रधान आरक्षक केरोबीन की विशेष भूमिका रही।

Share with