कुआं धंसा से मलबे में दबा ग्रामीण, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग, रेस्क्यू जारी

कोरबा। जिले के वनांचल श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुरमा में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। बाड़ी में बने कुएं से पानी निकालने गया ग्रामीण कुआं धंसने से मलबे में दब गया। घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका है। मौके पर दो जेसीबी और एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है।

कैसे हुआ हादसा

ग्रामीणों के अनुसार 1 अक्टूबर की दोपहर करीब 2 बजे गांव निवासी सोनसाय अपने घर से लगी बाड़ी में बने कुएं से पानी निकालने गया था। इसी दौरान अचानक कुएं की दीवार और आसपास की मिट्टी भरभराकर धंस गई। सोनसाय देखते ही देखते मलबे के साथ कुएं के अंदर दब गया।शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर दौड़े और हाथों से मलबा हटाकर उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन कुआं करीब 30 फीट गहरा होने और भारी मात्रा में मलबा भर जाने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।

दो जेसीबी और एसडीआरएफ जुटी

सूचना पर श्यांग पुलिस, राजस्व अमला मौके पर पहुंचा। रेस्क्यू के लिए दो जेसीबी मशीनों से लगातार मिट्टी हटाई जा रही है। जिला प्रशासन ने बिलासपुर से एसडीआरएफ की टीम और नगर सेना कोरबा की आपदा बचाव टीम को भी बुलाया है। गुरुवार दोपहर तक करीब 24 घंटे तक लगातार खुदाई के बाद भी दबे ग्रामीण का कोई सुराग नहीं मिला है। प्रशासन ने कुएं के चारों तरफ घेराबंदी कर दी है और ग्रामीणों को मौके से दूर रहने को कहा गया है।

परिजनों ने बताया कि यह कुआं 2017 में सरकारी योजना के तहत बना था। कच्ची मिट्टी होने के कारण लंबे समय से इसके धंसने का खतरा बना हुआ था। फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस मलबा हटाकर ग्रामीण को सुरक्षित निकालने पर है।

Share with