दयपुर वन परिक्षेत्र में 27 हाथियों का दल 5 हिस्सों में बंटाशौच के लिए निकले वर्षीय बुजुर्ग पर हमला, पसली टूटी, इलाके के ग्रामीण दहशत में

अंबिकापुर/उदयपुर। सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों का आतंक थम नहीं रहा है। महेशपुर मुंगरी तालाब के पास मंगलवार सुबह करीब 7 बजे हाथियों ने 62 वर्षीय बुजुर्ग मोहन कुजूर पर हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग की पसली टूट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।बताया जा रहा है कि मोहन शौच के लिए घर से निकले थे तभी हाथियों से सामना हुआ और आक्रामक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। किसी तरह वे घायल अवस्था में खुद चलकर घर के पास पहुंचे, इसके बाद वन विभाग की गाड़ी से उन्हें सीएचसी उदयपुर लाया गया, जहां उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम इनकी सतत निगरानी कर रही है, लेकिन एक साथ कई गांवों में हाथियों के निकलने से कर्मचारियों की कमी खल रही है। हालांकि वन अमला और ग्रामीणों के संयुक्त सहयोग से हाथियों के झुंड पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को जान-माल का नुकसान न पहुंचे, इसके प्रयास में वन अमला मैदानी स्तर पर डट गया है।

बैरीकेड लगाकर वन अमला कर रहा निगरानी

उदयपुर कर्मकट्टरा आसपास के पूरे जंगल में 27 हाथियों का दल 5 भागों में बंट गया है। अल्कापुरी, लक्ष्मणगढ़, महेशपुर, मानपुर जजगी, फूनगी सहित कई जगहों पर एक साथ हाथी निकल रहे हैं। सुबह 7 बजे से ही मतरिंगा रोड से जुड़े जजगी चौक, उपका, मानपुर, फूनगी, लक्ष्मणगढ़, महेशपुर के चौक-चौराहों पर वन विभाग बैरिकेडिंग लगाकर निगरानी कर रहा है। इधर शाम होते ही पूरे परिक्षेत्र में हा-हाकार की स्थिति बन रही है।

शावक की मौत के बाद और आक्रामक हुआ दल

स्थानीय लोगों के मुताबिक एक शावक की मौत के बाद 26 हाथियों का दल और आक्रामक हो गया है। रोज कहीं न कहीं हादसा हो रहा है। वन विभाग 24 घंटे ग्रामीणों को सतर्क कर रहा है। मंगलवार की शाम को 2 जंगली हाथी अल्कापुरी में धान की फसल खाते नजर आए। एक सिंगल हाथी उपका चौक से 500 मीटर आगे केदमा मार्ग के किनारे विचरण कर रहा है। 17 हाथियों का दल पी 2030 के नया तालाब की और और 8 हाथी शिव मंदिर के आसपास घूम रहे हैं। इनकी चौतरफा आवाजाही को देखते हुए केदमा रोड, जजगी चौक को ब्लॉक कर दिया गया है।

Share with