200 सीसीटीव्ही कैमरों ने खोला डकैती का राज, 4.60 लाख की संपत्ति जब्त

भटगांव पुलिस ने 4 पुरुष और 2 महिलाओं समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार की पुलिस

आधी रात घर में घुसकर 1.50 लाख रुपये नगद और मोबाइल लूटकर हुए थे फरार

भटगांव। सूरजपुर जिला के भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अधिना सलका में घर के अंदर सो रहे परिवार के बीच अचानक पहुंचे नकाबपोश बदमाशों ने बच्चे के गले पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी देकर नगदी व मोबाइल लूट कांड को अंजाम दिया था। डकैती की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से लूट की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है, इनमें 4 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।

बच्चों को बनाया निशाना, भय दिखाकर लूट

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात करीब 1.30 बजे ग्राम अधिना सलका निवासी राधेश्याम सिंह के घर में 4 अज्ञात व्यक्ति चेहरे पर स्टॉल बांधकर पहुंचे। आरोपियों ने चैनल गेट का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश किए थे। इन्होंने परिवार को आतंकित करते हुए बच्चों के गले पर चाकू रख दिया। जान से मारने की धमकी देकर आरोपियों ने अलमारी में रखे 1 लाख 50 हजार रुपये नगद और राधेश्याम सिंह की पत्नी का मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर भटगांव पुलिस ने मामला दर्ज किया था और आरोपियों के तलाश में लगी थी।

स्विफ्ट डिजायर बना पुलिस के लिए सुराग

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तकनीकी जांच का सहारा लिया। घटनास्थल से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसी दौरान एक संदिग्ध मारुति स्विफ्ट डिजायर कार पुलिस की नजर में आई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर कार की आवाजाही का पीछा किया और जांच को आगे बढ़ाते हुए गिरोह के सदस्यों तक पहुंच गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

चार पुरुष और 2 महिलाएं गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में हुल्लेश्वर दास (35), देवकरण दास उर्फ विजय दास (26), विकास दास (23), संतु दास (30), शारदा चौहान (37) और सोनू कुमारी (25) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

नगदी, मोबाइल, चाकू और कार जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 40 हजार रुपए नकद, एक मोबाइल फोन, 6 अन्य मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त चाकू, चेहरे पर बांधने वाले चार स्टॉल तथा मारुति स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक सीजी 10 एफए 6395 जब्त किया है। जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस टीम में इनकी रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी सूरजपुर के मार्गदर्शन में भटगांव थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिन्हा सहित पुलिस टीम के सुजन, विवेकानंद सिंह, आरक्षक सुशील मिश्रा, संजय कुमार, हेमंत सोनवानी, विनोद प्रताप सिंह, दिनेश ठाकुर एवं रजनीश पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share with