इतना बड़ा ब्रिज है उसकी ये दुर्दशा, एक्सीडेंट का इंतजार कर रहे हो

ब्रिज पर सरिया निकलते देख भड़के डिप्टी सीएम अरूण साव, अफसरों को लगाई फटकार

अंबिकापुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सरगुजा प्रवास के दौरान गुरूवार को अचानक निरीक्षण पर निकल पड़े। सड़क, पुल और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उन्होंने कई स्थानों का औचक निरीक्षण किया। इसी दौरान अंबिकापुर-प्रतापपुर-खड़गवां मार्ग पर स्थित महानदी पुल पर पहुंचे और वहां का हाल देखकर उनका पारा चढ़ गया। ब्रिज की सड़क उखड़ी हुई थी, सरिया बाहर निकला हुआ था, गिट्टियां बिखरी थीं। डिप्टी सीएम ने मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

डिप्टी सीएम ने कहा ‘ना आपको सैंक्शन में दिक्कत है ना किसी और में दिक्कत है, इतना बड़ा ब्रिज है उसकी ये दुर्दशा। मेन रोड के ब्रिजों का ये हालत बना के रखे हो, होगा कि नहीं होगा एक्सीडेंट इससे… होगा ना? प्रतीक्षा कर रहे हैं एक्सीडेंट होने का। मुझे यहां आकर देखना पड़ेगा एक-एक ब्रिज, एक-एक सड़क। उन्होंने फटकार भरे लहजे में कहा आज तो सड़क की ये हालत नहीं हुई है, बार-बार बोलने के बाद भी समझ में नहीं आता है। बताया जा रहा है कि इस ब्रिज से रोज हजारों गाड़ियां गुजरती हैं। ब्रिज पर एक्सपेंशन जॉइंट के पास पूरी सड़क धंस गई है और सरिया का जाल बाहर आ गया है, जो किसी भी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है।निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम के साथ कलेक्टर, एसडीएम और आला अधिकारी मौजूद थे। अरूण साव ने अधिकारियों से कहा कि मेंटेनेंस के लिए बजट की कमी नहीं है, फिर भी ऐसी लापरवाही क्यों। उन्होंने तुरंत ब्रिज की मरम्मत और सभी जर्जर पुलों की रिपोर्ट तलब करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि महीनों से ब्रिज की हालत खराब है, शिकायत के बाद भी मरम्मत नहीं हुई थी। डिप्टी सीएम के फटकार के बाद अब विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। उन्होंने तत्काल पुल की मरम्मत करने और सड़क को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री दौरे के दौरान लगातार विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सड़क और पुल जैसे बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए और समय पर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरे किए जाएं।

फटकार का असर: अंबिकापुर में 24 घंटे के भीतर गड्ढा मुक्ति अभियान शुरू

उप मुख्यमंत्री अरुण साव की फटकार के 24 घंटे के भीतर ही लोक निर्माण विभाग हरकत में आ गया है। अंबिकापुर में सड़क गड्ढा मुक्ति अभियान के तहत मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। पीडब्ल्यूडी संभाग अंबिकापुर ने महामाया चौक से लरंग साय चौक तक बीटी पैच मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ किया है। यह वही मार्ग है जहां गड्ढों और जर्जर पुलों को लेकर डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी।दरअसल सरगुजा प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने विभागीय समीक्षा में सड़कों की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए आम नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा देने के निर्देश दिए थे। उन्होंने गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कर यातायात व्यवस्था बेहतर करने को कहा था। लोक निर्माण विभाग संभाग अंबिकापुर को वित्तीय वर्ष 2026-27 में वार्षिक संधारण मद से 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इस राशि से संभाग के विभिन्न मार्गों के कुल 150 किलोमीटर लंबाई के क्षतिग्रस्त हिस्सों को बीटी पैच के माध्यम से दुरुस्त किया जाएगा। विभाग ने दिसंबर माह तक सभी मरम्मत कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत पूरी होने से वाहन चालकों और आम नागरिकों को गड्ढों से होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और हादसों में कमी आएगी।

Share with