बतौली बना जिले का पहला टीबी मुक्त विकासखंड, सरगुजा में ‘जोश टीम’ का आगाज

अंबिकापुर। टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी से मजबूत करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने 8 अक्टूबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में राष्ट्रीय स्तर पर ‘जोश-ज्वाइंट स्क्वाड फॉर हेल्थÓ टीम का शुभारंभ किया। पहले चरण में देश के 11 राज्यों के 55 जिलों में शुरू हुई इस पहल के तहत सरगुजा में भी कलेक्टर अजीत बसंत के मार्गदर्शन में जोश टीम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन निगरानी के लिए नियुक्त प्रथम श्रेणी अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, सरपंच, पंच, स्वास्थ्य अधिकारी और युवा स्वयंसेवक मौजूद रहे।
बता दें, सरगुजा के लिए गौरव की बात है कि वर्ष 2025 के लिए बतौली विकासखंड को टीबी मुक्त विकासखंड का सम्मान मिला है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन ने 8 अक्टूबर 2026 को प्रशस्ति-पत्र दिया। यह उपलब्धि सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत के मार्गदर्शन, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष सिंह के प्रयासों और स्वास्थ्य कर्मचारियों, मितानिनों, पंचायत प्रतिनिधियों और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी का नतीजा है। डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता, प्रभारी जिला क्षय उन्मूलन कार्यक्रम सरगुजा ने बताया कि, कार्यक्रम के तहत टीबी मरीजों को पोषण आहार वितरित किया गया और 2025 में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत का लक्ष्य हासिल करने वाली पंचायतों के सरपंचों को महात्मा गांधी की प्रतिमा भेंट करके सम्मानित किया गया। जिले की 439 ग्राम पंचायतों में से बड़ी संख्या में पंचायतें पहले ही टीबी मुक्त हो चुकी हैं।

टीबी के मरीजों को सम्मान दें
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एस. सरूता ने बताया कि सभी विकासखंडों में टीबी की जांच और नि:शुल्क इलाज उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की, टीबी के मरीजों से भेदभाव न करें, उन्हें सहयोग और सम्मान दें और हर पात्र मरीज तक पोषण सहायता पहुंचाएं।

घर-घर जाएंगे जोश के युवा
इस मौके पर माई भारत के जिला नोडल अधिकारी प्रिंस और विभिन्न विकासखंडों के माई भारत स्वयंसेवकों को टीबी जागरूकता के लिए विशेष किट दी गई। जोश टीम में माई भारत के स्वयंसेवक और एनसीसी कैडेट शामिल हैं, जो घर-घर जाकर टीबी के लक्षण, नि:शुल्क जांच, उपचार, पोषण सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। टीम नोडल अधिकारियों के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग और पंचायतों के साथ समन्वय कर काम करेगी।

Share with