फटाके जैसी आवाज वाले 800 मॉडिफाइड बुलेट साइलेंसरों पर चला रोड रोलर

अंबिकापुर। बुलेट और अन्य दोपहिया वाहनों में तेज पटाखे जैसी कर्कश आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसरों के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रक्षित केंद्र अंबिकापुर में शुक्रवार को लगभग 800 जब्त मॉडिफाइड साइलेंसरों को रोड रोलर चलाकर पूरी तरह नष्ट किया गया।पुलिस के पास लगातार शिकायतें आ रही थीं कि बुलेट वाहन चालक नियमों के विपरीत साइलेंसर बदलकर तेज और कर्कश आवाज निकालते हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी होती है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस और सभी थानों-चौकियों ने पिछले कुछ महीनों से लगातार अभियान चलाया। इस दौरान वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवा कर जप्त किए गए थे। उन्हीं 800 अवैध साइलेंसरों का विधिवत नष्टीकरण किया गया। पुलिस ने बताया कि वाहन कंपनी द्वारा लगाए गए मूल साइलेंसर में किसी भी प्रकार का बदलाव करना मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है। इसके लिए भारी समन शुल्क के साथ प्रकरण को न्यायालय में भी पेश किया जाता है।

दुकानदारों को भी चेतावनी

सरगुजा पुलिस ने शहर के सभी ऑटो पार्ट्स संचालकों, मैकेनिकों और गैरेज स्वामियों को सख्त हिदायत दी है कि, यदि किसी दुकान पर अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर बेचते या लगाते पाया गया तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और अपने वाहनों में कंपनी के निर्धारित मानकों वाले साइलेंसर ही रखने, किसी प्रकार का बदलाव नहीं करने की अपील की है। भविष्य में भी ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share with