डबल मर्डर के आरोपी ने खुद को किया घायल, उपचार के बाद जेल दाखिल

पुलिस रिमांड के दौरान हुई घटना, धारदार वस्तु से खुद को जख्मी करने की चर्चा

बिश्रामपुर। सूरजपुर जिले के केशवनगर ममता कालोनी में शिक्षिका रजनी बरेठ और उसके नाबालिग पुत्र सुजल बरेठ की हत्या के आरोपी प्रवेश कुमार ने पुलिस रिमांड के दौरान खुद को घायल कर लिया। घटना के बाद पुलिसकर्मी उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद उसे दोबारा जेल दाखिल करा दिया गया है।जानकारी के अनुसार पुलिस ने शनिवार को न्यायालय से एक दिन की रिमांड मिलने के बाद आरोपी प्रवेश कुमार को सूरजपुर जेल से बिश्रामपुर लाया था। यहां उससे हत्याकांड के संबंध में पूछताछ करने के साथ कुछ सामान की बरामदगी की कार्रवाई की गई। दिनभर की पूछताछ और बरामदगी के बाद पुलिस उसे वापस जेल ले जाने की तैयारी कर रही थी। इससे पहले उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए शाम करीब चार बजे बिश्रामपुर अस्पताल ले जाया गया।बताया जाता है कि स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जब पुलिसकर्मी आरोपी को वापस जेल ले जा रहे थे, तभी उसने कथित तौर पर अपने पास छिपाकर रखी एक धारदार वस्तु से खुद को घायल कर लिया। अचानक खून निकलने से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसके घाव पर टांके लगाए। उपचार के बाद उसे जेल दाखिल करा दिया गया।

अस्पताल में शीशे का एंपुल छिपाने की चर्चा

घटना को लेकर चर्चा है कि स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान आरोपी ने अस्पताल में इंजेक्शन का शीशे वाला एंपुल उठाकर चुपके से अपनी जेब में रख लिया था। बाद में मौका मिलने पर उसने एंपुल तोड़कर उससे खुद को घायल कर लिया। हालांकि इस घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं पुलिस के एक अधिकारी ने आरोपी द्वारा वाहन में लगे वायरलेस सेट से खुद को घायल किए जाने की जानकारी दी है। घटना में इस्तेमाल वस्तु को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आने के कारण स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल उपचार के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Share with