छात्रावास अधीक्षक की कुर्सी का 15 लाख में सौदा, 13.69 लाख ऐंठने के बाद दी हत्या करने की धमकी

आरक्षक की पत्नी सहित दो जेल में, पति और भाजपा मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष की तलाश जारी

बैकुंठपुर। सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर गरीब सफाईकर्मी को लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रावास अधीक्षक बनवाने के नाम पर 13.69 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपितों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है, जबकि दो मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं। फरार आरोपितों में एक आईजी कार्यालय सरगुजा रेंज में पदस्थ आरक्षक और दूसरा खुद को भाजपा मजदूर संघ का प्रदेश अध्यक्ष बताने वाला शामिल है।

कोरिया जिले के कोतवाली बैकुंठपुर अंतर्गत आमापारा निवासी स्कूल सफाई कर्मी संतोष कुमार सारथी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अनुराधा भगत और उसके साथियों ने उसे छात्रावास अधीक्षक की नौकरी लगवाने का झांसा दिया। महिला का मायका सरभोका गोहला सरई पटना में है और आमापारा में उसकी पैतृक जमीन है, इसलिए वह उसे पहले से जानता था। इसका फायदा उठाकर महिला ने उसे सफाई कर्मचारी से अफसर बनवा देने का सब्जबाग दिखाया और कहा इसके लिए 15 लाख लगेंगे, धीरे-धीरे दे देना। पीड़ित संतोष कुमार सारथी छात्रावास अधीक्षक भर्ती का विज्ञापन निकलते ही फॉर्म भरा था। आरोपितों ने इसी दौरान उसे जाल में फंसाया और 16 अप्रैल 2024 से 28 मार्च 2025 तक अलग-अलग बैंक खातों में और नकद के रूप में कुल 13.69 लाख रुपये ले लिए। जब नौकरी नहीं लगी और वह पैसा वापस मांगा तो आरोपितों ने उसे झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। इसके बाद वह पुलिस के शरण में पहुंचा। मामले में जांच के बाद पुलिस ने आरोपितों के विरूद्ध धारा 318(4), 351(3), 61(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपितों में अनुराधा लकड़ा पति राजकुमार लकड़ा (32) निवासी कछार धौरपुर सरगुजा, हालिया ठिकाना बंगाली चौक बौरीपारा अंबिकापुर और जोखन लाल पिता स्व. बैजनाथ (61) निवासी ग्राम सरभोका गोहला सरई पटना, हाल बाबू कॉलोनी प्रेमाबाग बैकुंठपुर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक इस ठगी में अनुराधा का पति आरक्षक राजकुमार लकड़ा भी शामिल है, जो आईजी ऑफिस अंबिकापुर में पदस्थ है। इसके अलावा बिलासपुर अशोक नगर हीरा कॉम्प्लेक्स निवासी डॉ. प्रकाश अनंत भी शामिल हैं, जो कथित रूप से भाजपा मजदूर संघ के प्रदेश पदाधिकारी बताए जा रहे हैं, दोनों फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

Share with