शराबी पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

दशहरा के दिन घटना को अंजाम देकर भाग रहे आरोपित को गिरफ्तार की पुलिस

अंबिकापुर। कोतवाली थाना अंतर्गत केपी बाबापारा में दशहरे की रात शराब के नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी और शव को घर के बाहर फेंककर भाग गया, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के बेटे ने ही पिता के करतूत का खुलासा किया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। पड़ोस में रहने वाली रिश्तेदार महिला मानती गिरी ने घटना की रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई है।महिला ने पुलिस को बताया है कि उसके घर से थोड़ी दूरी पर आलोक गिरी अपनी पत्नी मानमति और बच्चों के साथ रहता है। आलोक गिरी शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर अपनी पत्नी मानमति के साथ गाली-गलौज, झगड़ा और मारपीट करता था। गांव वाले कई बार बीच-बचाव भी कर चुके थे। घटना तिथि 20 अक्टूबर को शाम करीब 7 बजे मानती गिरी का लड़का सुखदेव गिरी गांव के तपेश्वर गिरी, मुकेश गिरी और विजय गिरी के साथ ग्राम परसा में दुर्गा पूजा के डांस प्रोग्राम देखने गया था। रात करीब 11.30 बजे सुखदेव अपने बड़े पापा के लड़के विजय गिरी के साथ घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसके रिश्ते में मामा आलोक गिरी परसा तरफ जाते मिले। पूछने पर आलोक ने कहा कि वह अंबिकापुर जा रहा है। जब सुखदेव और विजय घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मामी मानमति अपने घर के बाहर जमीन पर मृत पड़ी है। सुखदेव ने इसकी जानकारी अपनी मां को दी।

बेटे ने कहा-पापा ने मारा है

मानती गिरी अपने लड़के सुखदेव और विजय के साथ मौके पर पहुंची। मानमति जमीन पर मृत पड़ी थी। उसके पेट, बाएं हाथ और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। मौके पर मौजूद मृतका के लड़के कबिरा गिरी से पूछताछ काने पर वह बताया कि 20 अक्टूबर को रात करीब 10 बजे उसके पिता आलोक गिरी ने उसकी मां मानमति को हाथ-मुक्का, लात और डंडे से बेरहमी से मारा, जिससे वह बेसुध हो गई थी, और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या का मामला दर्ज

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मानती गिरी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी पति आलोक गिरी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों के अनुसार मृतका आए दिन पति की प्रताड़ना सह रही थी।

Share with