जमीन का 25 लाख में सौदा, 25 हजार रुपये देने का आरोप

न्याय की फरियाद लेकर आदिवासी बुजुर्ग महिला पहुंची कलेक्टर-एसपी के पास

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में एक वृद्ध आदिवासी महिला से लाखों की जमीन खरीद करके 25 हजार रुपये थमा देने का मामला सामने आया है। जमीन की रजिस्ट्री होने के बाद परिचित अब उसे जान से मारने की धमकी देने में लगा है।बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम कोट की 73 वर्षीय श्रीमती जगियो दास पति फूल दास ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सरगुजा को आवेदन देकर अवगत कराया है कि ग्राम कर्रा, राजस्व निरीक्षक मंडल दरिमा, तहसील दरिमा में खसरा नंबर 91, 1529, 1530, 1645/2, 1649, 1650/2, 1651/2 एवं 1652 कुल रकबा 2.202 हेक्टेयर भूमि उसके नाम पर थी। उक्त भूमि वर्तमान में राजस्व रिकॉर्ड में सुरेश कुमार अग्रवाल निवासी सत्तीपारा के नाम दर्ज हो गई है। शिकायत के अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व आर्थिक तंगी के चलते उसे जमीन बेचने की आवश्यकता पड़ी, तो उसके पूर्व परिचित शिवनाथ प्रजापति मूल निवासी ग्राम आमादरहा नवानगर और संजय केरकेट्टा निवासी ग्राम ऊंचडीह के माध्यम से सौदे की बातचीत सनमोगन वानियार निवासी श्रीगढ़ और मोहम्मद समद अंसारी निवासी मोमिनपुरा अंबिकापुर से हुई।

जमीन का कुल विक्रय मूल्य 25 लाख रुपये तय हुआ। परिचितों ने भरोसा दिलाया कि रजिस्ट्री के बाद पूरी राशि उसे मिल जाएगी। इसी भरोसे पर 10.09.2025 को आवेदिका ने जमीन का विक्रय पत्र सुरेश कुमार अग्रवाल के पक्ष में पंजीकृत करा दिया। पीड़िता का आरोप है कि रजिस्ट्री के बाद आज तक 25 लाख रुपये में से सिर्फ 25 हजार रुपये ही अलग-अलग तिथियों में दिए गए हैं। बकाया राशि मांगने पर सनमोगन वानियार द्वारा गाली-गलौज कर मारकर फेंक देने की धमकी दी जाती है। कहा जाता है कि जो करना है कर लो, हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।

73 वर्ष की उम्र में वृद्धा आर्थिक संकट और मानसिक तनाव में है। जमीन से मिलने वाली राशि ही उसके जीवन यापन और देखभाल का एकमात्र सहारा था। रकम के बदले में धमकी मिलने से वृद्ध महिला खुद को खतरे में महसूस कर रही है और सुरक्षा के साथ बकाया रकम दिलाने का आग्रह की है। महिला ने कहा है कि, विक्रय मूल्य के वास्तविक भुगतान और विक्रय पत्र में अंकित भुगतान विवरण की निष्पक्ष जांच की जाए। भूमि का विक्रय पत्र पंजीकृत होने की स्थिति में उसके निरस्तीकरण और जमीन के आगे हस्तांतरण पर रोक लगाने की मांग की गई है। मामले में सुरेश कुमार अग्रवाल, सनमोगन वानियार, मोहम्मद समद अंसारी, शिवनाथ प्रजापति और संजय केरकेट्टा के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।

Share with