जशपुर में बिजली विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर पर हमला

बकाया बिल मांगने गए पिता-पुत्र पर पुलिस का कड़ा एक्शन, भेजे गए जेल

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शासकीय कर्तव्य का पालन कर रहे बिजली विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर के साथ मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। लगभग 1.67 लाख रुपये के बकाया बिजली बिल की वसूली करने पहुंचे इंजीनियर पर ढाबा संचालक पिता और उसके बेटे ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?


यह पूरी घटना बगीचा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम महादेवडांड़ स्थित ‘मामा ढाबा’ की है। 13 नवंबर को असिस्टेंट इंजीनियर भूपेंद्र राठौर अपनी विभागीय टीम के साथ ढाबे पर बकाया बिजली बिल की राशि वसूलने पहुंचे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिल भुगतान को लेकर ढाबा संचालक पंखरासियुस तिर्की ने विवाद शुरू कर दिया।देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर उसका बेटा सोमल तिर्की भी पहुंच गया।

डंडों से पीटा और दी जान से मारने की धमकी


आरोप है कि पिता-पुत्र ने मिलकर असिस्टेंट इंजीनियर के साथ अभद्र गाली-गलौज की और लकड़ी के डंडों व अन्य वस्तुओं से उन पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में इंजीनियर भूपेंद्र राठौर के सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे विभागीय कर्मचारियों में रोष व्याप्त हो गया।

पुलिस की सख्त कार्रवाई


घटना के तुरंत बाद पीड़ित इंजीनियर की शिकायत पर बगीचा थाने में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए जशपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारियों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ पुलिस की ओर से बेहद सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपी सलाखों के पीछे हैं।

Share with