छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की बड़ी दबिश

लोहा और निर्माण कारोबारियों के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार तड़के आयकर विभाग (IT) ने कर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई शुरू की है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, अंबिकापुर और सूरजपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में 16 से अधिक टीमों ने लोहा और निर्माण क्षेत्र से जुड़े बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी है।

इस कार्रवाई से पूरे प्रदेश के कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है।

बर्बरीक कंपनी (रायपुर और रायगढ़): दोनों जिलों में बर्बरीक कंपनी से जुड़े ठिकाने जांच के दायरे में हैं। अकेले रायगढ़ में चार अलग-अलग स्थानों पर अधिकारी वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की पड़ताल कर रहे हैं।

PRA ग्रुप (रायपुर और अंबिकापुर): राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय समेत तीन ठिकानों पर टीम जांच और पूछताछ कर रही है। वहीं, अंबिकापुर के एमजी रोड स्थित ग्रुप के मालिक और प्रमुख सड़क ठेकेदार रमेशचन्द्र अग्रवाल के निवास पर भी सुबह से एक दर्जन से अधिक अधिकारी दस्तावेज खंगाल रहे हैं।

लोहा कारोबारी के यहां दबिश (बिलासपुर): संभाग के बड़े लोहा कारोबारी जयप्रकाश मित्तल के विद्या नगर स्थित निवास पर तीन गाड़ियों में पहुंची IT टीम दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ उनसे पूछताछ कर रही है।

राइस मिल और दफ्तर पर छापा (सूरजपुर): जिले में दो स्थानों (PRA) ग्रुप के कार्यालय और ‘साकेत प्रोडक्ट्स एंड रोलिंग मिल’ की राइस मिलपर सुबह से ही बही-खातों और रिकॉर्ड की बारीकी से जांच जारी है।


फिलहाल सभी ठिकानों पर आयकर विभाग की जांच प्रक्रिया जारी है। कर चोरी की वास्तविक रकम, अघोषित आय या किसी संभावित जब्ती के संबंध में विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही विस्तृत स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share with