पीएचडी प्रवेश में गड़बड़ी का आरोप, इंटरव्यू में नहीं आई फिर भी चयन सूची में नाम

अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा में पीएचडी (विधि) प्रवेश सत्र 2026 की चयन प्रक्रिया सवालों के घेरे में है। मेरिट सूची में कथित अनियमितता और नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए अधिवक्ता राजा जायसवाल ने कुलपति को शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत में दूसरे राज्य के अभ्यर्थी को प्रवेश देने और साक्षात्कार में अनुपस्थित अभ्यर्थी का नाम चयन सूची में शामिल करने का आरोप है।शिकायत के अनुसार, पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग की प्रवेश मार्गदर्शिका के बिंदु 5.1 और 15 का पालन नहीं किया गया। आरोप है कि स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने के प्रावधान के बावजूद दूसरे राज्य के अभ्यर्थी को चयन सूची में जगह दी गई।

नेट/सेट सूची में नाम नहीं, फिर भी चयन

शिकायत में महिम दुबे का मामला उठाया गया है। आरोप है कि अभ्यर्थी का नाम विश्वविद्यालय की पीएचडी विधि चयन सूची में शामिल है, जबकि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी नेट/सेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की सूची में उसका नाम नहीं है। शिकायतकर्ता ने उसके दूसरे राज्य का निवासी होने पर भी आपत्ति जताई है।

साक्षात्कार में अनुपस्थित, फिर भी चयन

शिकायत में मानसी सिन्हा के चयन पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि 3 नवंबर 2026 को निर्धारित पीएचडी विधि के साक्षात्कार में अनुपस्थित रहने के बावजूद उनका नाम चयन सूची में दर्ज किया गया है। राजा जायसवाल ने इसे प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कुलपति से दस्तावेजों के आधार पर जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं आरोपों पर कुलपति का पक्ष लेने के लिए उनके नंबर पर कॉल किया गया, पर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

Share with