साइबर फ्रॉड पर बड़ी कार्रवाई: 14 लाख के म्यूल अकाउंट मामले में आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। साइबर फ्रॉड और म्यूल अकाउंट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने म्यूल अकाउंट मामले में आरोपी सतीश कुमार भारती को गिरफ्तार किया है, जिसके खातों से 14 लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी की गई थी।

पुलिस मुख्यालय रायपुर से भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची के आधार पर फर्जी मोबाइल नंबर जारी करने वाले पीओएस और म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश मिले थे।जांच में पाया गया कि संबंधित म्यूल खाते के खिलाफ साइबर पुलिस पोर्टल में विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं।

आरोपी ने छलपूर्वक अवैध राशि प्राप्त करने के लिए सिम और बैंक खाते का उपयोग षड्यंत्रपूर्वक किया था। इस पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 761/26 धारा 318(4), 317(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

फेसबुक पर दोस्ती, फिर फर्जी खातों का खेल

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने खाताधारकों के कथन लिए और आरोपी सतीश कुमार भारती पिता स्व. त्रिलोकी राम 54 वर्ष निवासी द्वारिकानगर, लटोरी चौकी, जिला सूरजपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसकी फेसबुक के जरिए एक व्यक्ति से पहचान हुई थी। उस व्यक्ति के कहने पर वह प्रति खाता 1000 रुपये लेकर अन्य लोगों के नाम पर पंजाब नेशनल बैंक में फर्जी खाते खुलवाता था और उन्हें मोबाइल नंबर से लिंक करवाता था। इन खातों का उपयोग विभिन्न राज्यों के लोगों के साथ कुल 14,17,049 रुपये की ऑनलाइन ठगी के लेन-देन में किया गया। आरोपी ने खाताधारकों के मूल दस्तावेज पेश न कर अस्पष्ट छायाप्रतियां पेश की, जिससे साक्ष्य छिपाना पाया गया। इस पर प्रकरण में धारा 238 बीएनएस जोड़ी गई और बैंक पासबुक की छायाप्रतियां जप्त की गईं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में संलिप्त अन्य मोबाइल धारक और सहयोगियों की तलाश जारी है। संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, साइबर सेल टीम एवं आरक्षक जोधन पैकरा सक्रिय रहे।

Share with