सीएम साय की अपील का असर: छत्तीसगढ़ में पटवारियों ने खत्म की हड़ताल, काम पर लौटने का किया ऐलान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विभिन्न मांगों को लेकर चल रही पटवारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अपील और सरकार से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद पटवारी संघ ने आंदोलन वापस लेने और काम पर लौटने का ऐलान किया है।

पहले काम पर लौटें, फिर होगी बातचीत: मुख्यमंत्री

गौरतलब है कि 19 नवंबर को बलौदाबाजार जिले के सुहेला प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पटवारियों से हड़ताल खत्म करने की अपील की थी। मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम साय ने स्पष्ट किया था कि सरकार पटवारियों की जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और संवाद के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन इसके लिए उन्हें पहले अपने कर्तव्यों पर लौटना होगा।

किसानों के हितों का दिया था हवाला

मुख्यमंत्री ने पटवारियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा था कि वे भी किसी किसान परिवार के बेटे और भाई हैं, इसलिए उन्हें अन्नदाताओं की समस्याओं को समझना चाहिए। प्रदेश में धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है, ऐसे में किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए पटवारियों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

कार्रवाई वापस लेने पर भी विचार का आश्वासन

सीएम साय ने यह भी भरोसा दिलाया था कि काम पर लौटने के बाद न केवल उनकी वाजिब मांगों का समाधान निकाला जाएगा, बल्कि हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के खिलाफ की गई प्रशासनिक कार्रवाई पर भी सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। मुख्यमंत्री के इस भरोसे के बाद पटवारियों ने जनहित और किसान हित में हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है।

Share with