घरेलू हिंसा एक गंभीर अपराध, कानून के सख्त पालन और सामाजिक भागीदारी से लगेगी रोक: राज्यपाल

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा गंभीर सामाजिक समस्याएं हैं। इन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कानूनों का सख्ती से पालन, संबंधित प्रवर्तन एजेंसियों की सक्रियता और समाज की सामूहिक भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू हिंसा को किसी भी स्थिति में सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि ऐसे मामलों का निष्पक्षता और स्वतंत्रता के साथ निराकरण होना चाहिए।

राज्यपाल सोमवार को रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित ‘मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा’ विषयक तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

अंगों की तस्करी गंभीर चिंता का विषय

मानव तस्करी पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री डेका ने कहा कि आज इस अपराध ने खतरनाक रूप ले लिया है। अब यह केवल लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव अंगों की मांग के कारण भी इसकी घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे निपटने के लिए कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन और एजेंसियों की जवाबदेही तय करना जरूरी है।

कामकाजी महिलाएं भी घरेलू हिंसा की शिकार

बदलते सामाजिक परिवेश का जिक्र करते हुए राज्यपाल ने कहा कि संयुक्त परिवारों के स्थान पर अब एकल परिवार बढ़ रहे हैं। अशिक्षा और बेरोजगारी जैसी परिस्थितियां घरेलू हिंसा को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि इसका शिकार केवल गृहिणियां ही नहीं, बल्कि बाहर जाकर काम करने वाली महिलाएं भी होती हैं। इसे किसी गंभीर लत की तरह समझने की जरूरत है क्योंकि इसका दुष्प्रभाव व्यक्ति, परिवार और समाज सभी पर पड़ता है। ऐसे मामलों में उचित काउंसलिंग, पारिवारिक नैतिक मूल्यों और सामाजिक जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

विभागों के बीच समन्वय और क्रियान्वयन पर जोर

राज्यपाल ने पुलिस, न्यायपालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही, समाज में सकारात्मक बदलाव और जागरूकता लाने के लिए मीडिया की भूमिका को भी अहम बताया। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल चर्चा करने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि कार्यशाला से निकलने वाले निष्कर्षों और सुझावों को धरातल पर लागू करना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी तथा प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया जाएगा। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े विशेष रूप से उपस्थित थीं। कार्यशाला में आयोग के सदस्यों सहित पुलिस, न्यायपालिका और महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

Share with