अरुण साव ने 6 राज्यों के 150 युवाओं से किया संवाद, बोले– विविधता ही हमारी ताकत

वंदे मातरम शिविर में शामिल युवाओं को दिया सफलता का मंत्र, कहा- 2047 तक विकसित भारत बनाने में युवाओं की होगी अहम भूमिका

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। अलग-अलग भाषाओं, खानपान, वेशभूषा और परंपराओं के बावजूद देश के लोगों की एकता ही भारत की वास्तविक पहचान है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और नेतृत्व की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर के तहत छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए छह राज्यों के 150 युवाओं से मुलाकात की। त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए इन युवाओं ने सात दिवसीय प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक विरासत और विकास कार्यों को करीब से जाना। प्रवास के अंतिम दिन युवाओं ने उप मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा किए।

इस दौरान श्री साव ने कहा कि देश के युवाओं में इतनी क्षमता, योग्यता और आत्मविश्वास है कि वे भारत को दुनिया में अग्रणी बना सकते हैं। युवाओं को अपनी संस्कृति, सभ्यता और गौरव के प्रति सम्मान रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सात दिनों के इस शिविर से युवा केवल अनुभव लेकर नहीं लौट रहे हैं, बल्कि जीवनभर काम आने वाली अनमोल पूंजी भी साथ ले जा रहे हैं। यहां बने दोस्ती के रिश्ते देशभर में नए परिवारों से जुडऩे का अवसर हैं। यही आपसी स्नेह और जुड़ाव भारत की वास्तविक ताकत है।

विविधता में एकता ही भारत की पहचान

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में हर 20-25 किलोमीटर पर भाषा, खानपान और पहनावा बदल जाता है, लेकिन इन विविधताओं के बावजूद देश एक सूत्र में बंधा हुआ है। भाषा और भौगोलिक सीमाएं हमारी एकता में बाधा नहीं हैं। एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करना ही वंदे मातरम शिविर का प्रमुख उद्देश्य है।


उन्होंने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ युवाओं को अपनी संस्कृति, सभ्यता, संस्कार, अध्यात्म और परंपराओं का ज्ञान भी होना चाहिए। देश की समृद्ध विरासत और नई पीढ़ी की प्रतिभा मिलकर भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।

युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

श्री साव ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में चुनौतियां आती रहती हैं। सफलता उसी को मिलती है, जिसमें आत्मविश्वास, धैर्य और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का साहस हो। निराशा और कठिनाइयों से घबराने के बजाय संघर्ष करते हुए आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने युवाओं से शिविर से मिली ऊर्जा, उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवनभर बनाए रखने का आह्वान किया।

संग्रहालयों से लेकर विधानसभा और सिरपुर तक किया भ्रमण

मेरा युवा भारत, रायपुर द्वारा 17 से 23 नवंबर तक आयोजित इस सात दिवसीय शिविर में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता, सामाजिक सेवा और आधुनिक जीवन-कौशल को बढ़ावा देने के साथ डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। प्रवास के दौरान युवाओं ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की।

इसके अलावा नवा रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन, छत्तीसगढ़ विधानसभा और ऐतिहासिक स्थल सिरपुर का भ्रमण किया। युवाओं ने रायपुर स्थित सियान गुड़ी वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह पहुंचकर बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय भी बिताया। शिविर में तुलसी विवाह की झलकियों, रंगोली प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खाद्य महोत्सव के माध्यम से विभिन्न राज्यों की परंपराओं और व्यंजनों को जानने का अवसर मिला। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के राज्य समन्वयक अर्पित तिवारी भी उपस्थित थे।

Share with