बोलेरो-कार में आमने-सामने भिड़ंत, शिक्षिका सहित 14 घायल, 8 की स्थिति गंभीर

प्रतापपुर-बनारस मार्ग में हुआ हादसा, 50 मीटर तक घिसटते चली गई कार के परखच्चे उड़े

अंबिकापुर। प्रतापपुर-बनारस मार्ग पर शुक्रवार को तेज रफ्तार बोलेरो और कार के बीच आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिससे इलाका दहल उठा। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और टक्कर के बाद करीब 50 मीटर तक सड़क किनारे घिसटती चली गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार 14 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम दाढ़ एवं रेवटी क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद स्कूल में पदस्थ एक महिला शिक्षिका सहित अन्य लोग कार से स्कूल लौट रहे थे, इस दौरान प्रतापपुर-बनारस मार्ग पर सामने से आ रही बोलेरो से उनकी कार की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार 5 महिलाओं और एक पुरुष सहित अन्य घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों में फंसे एवं घायल लोगों को बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने घायलों का उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

घायलों में आठ अंबिकापुर रेफर

भीषण दुर्घटना में कुल 14 लोग घायल हुए हैं, इनमें अंबिकापुर निवासी तनु सिंह, कौस्तुभ, सोनू, प्रिया, अमित, प्रतापपुर के नेहा, प्रिंस, सीतापुर के राहुल, पियूष एवं ओमप्रकाश सहित अन्य लोग शामिल हैं। दुर्घटना में कई लोगों के सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में आठ लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला चिकित्सालय अंबिकापुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

बनारस की ओर जा रहे थे बोलेरो सवार

दुर्घटना में शामिल बोलेरो वाहन सीतापुर क्षेत्र का बताया जा रहा है, जो बनारस की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगभग 50 मीटर तक घिसटती चली गई। वाहन की हालत देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

Share with