गड्ढे में नहाए, कीचड़ में नाचे, मंत्री का बंगला घेरा, अब टेंडर निरस्त

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एनएच के दफ्तर में निकाली जमकर भड़ास

अंबिकापुर। शहर की जर्जर सड़कों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एक बार फिर प्रदर्शन करने को विवश हो गए हैं। बारिश के समय उन्होंने सड़कों पर बने गड्ढों में भरे गंदे पानी से नहाया था। कीचड़ में नाचने के अलावा पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के बंगले का घेराव भी किया था। हर बार उन्हें यह आश्वासन दिया जाता रहा कि बारिश के बाद सभी सड़कों का काम शुरू कर दिया जाएगा। सड़कों का टेंडर हो चुका है, कुछ दिन और धैर्य रखिए। इसके बाद तकनीकी खामियों की वजह से टेंडर निरस्त होने की बातों ने लोगों को बेचैन कर दिया है।अब बारिश भी खत्म हो गई, लेकिन सड़कों की हालत जस की तस है। पैच रिपेयरिंग से शहरवासियों को जख्मों पर मरहम लगाने का काम किया जा रहा है। इसी बीच सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को एनएच कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। अंबिकापुर व शहर से निकलने वाली नेशनल हाईवे की सड़कें आज भी जर्जर हालत में हैं। इसे लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अंकुर सिन्हा की अगुवाई में लोग कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। बारिश खत्म हो गई, लेकिन सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इसे लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं का आक्रोश एक बार फिर फूट पड़ा। इस बार उन्होंने एनएच दफ्तर का घेराव कर प्रदर्शन किया।प्रदर्शन में शामिल डॉ. योगेंद्र सिंह गहरवार ने बताया कि किन्ही तकनीकी कारणों से सड़क का टेंडर निरस्त हो गया है, दोबारा टेंडर की प्रक्रिया की जाएगी। जबकि हर बार मंत्री से लेकर अधिकारी तक यह कहते रहे कि बारिश के बाद सड़कों का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। अब यह लग रहा है कि आने वाले बरसात तक भी सड़कें नहीं बन पाएंगी। बता दें कि अंबिकापुर शहर से निकलने वाली प्रमुख सड़कों खरसिया रोड, मनेन्द्रगढ़ रोड और रामानुजगंज रोड की हालत इतनी खस्ता हो गई है कि इन पर चलना दूभर हो गया है।

भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक की सड़क पर इतनी धूल है कि लोग काफी परेशान हैं। वहीं सड़कों की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। लगातार विरोध प्रदर्शन और अलग-अलग तरीके से आंदोलन किए जाने के बावजूद सड़क सुधार का काम शुरू नहीं होने से सामाजिक कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने जल्द से जल्द सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। इस मामले में एनएच विभाग के अधिकारी बीआर भगत ने भी अपनी बातें रखीं। उन्होंने कहा कि मनेंद्रगढ़ मार्ग और खरसिया मार्ग का काम हमें करना है।

कांग्रेस का ऐलान, 30 नवंबर तक काम नहीं तो 1 दिसंबर से क्रमिक भूख हड़ताल

शहर की धूल-धूसरित सड़कों के साथ ही विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग के साथ कांग्रेस 1 दिसंबर से क्रमिक भूख हड़ताल करने जा रही है। शहर की सड़कों विशेषकर राष्ट्रीय राजमार्गों की दुर्दशा को क्षेत्रवासी लंबे समय से भोग रहे हैं। फिर चाहे बरसात के दौरान दलदल युक्त सड़कों पर आवागमन की बात हो या मौजूदा सीजन में उड़ते धूल के गुबार हो।राष्ट्रीय राजमार्ग विशेष तौर पर खरसिया रोड पर निवासरत, व्यवसायरत और आवागमन करने वाले नागरिक इस रोड पर उड़ रहे धूल से परेशान हैं। इन रोड की निर्माण एजेंसी और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग धूल उड़ाती इन सड़कों पर नियमित जल छिड़काव को लेकर भी उदासीन हैं। खरसिया रोड में तो खाने-पीने के सामानों का विक्रय करने वाले कई छोटे दुकानदारों ने धूल से परेशान होकर अपने व्यवसाय को बंद कर दिया है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक एवं निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि ट्रिपल इंजन के नाम पर वोट लेने वाली भाजपा और इसके कर्णधार काम करने के बजाय नागरिकों को सोशल मीडिया के माध्यम से 4 लेन और 6 लेन सड़कों की आकर्षक तस्वीर दिखलाकर झांसा दे रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग की विभिन्न समस्याओं से नागरिकों को राहत देने के लिए तत्काल प्रभाव से काम करने की आवश्यकता है जो होता हुआ दिख नहीं रहा है। 30 नवंबर तक अगर प्रभावी काम प्रारंभ नहीं हुआ तो इस स्थिति में कांग्रेस क्रमिक भूख हड़ताल के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि 1 दिसंबर से कांग्रेस विवेकानंद की प्रतिमा के सामने भूख हड़ताल प्रारंभ कर देगी।

निगम क्षेत्र में व्याप्त समस्याएं भी क्रमिक भूख हड़ताल के दायरे में

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबिकापुर शहर के मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक के उपरांत लिए गए क्रमिक भूख हड़ताल के निर्णय के दायरे में निगम क्षेत्र की समस्याओं को भी रखा गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक एवं निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि चाहे क्षेत्रीय सांसद या विधायक हो, चाहे सरकार के बड़े मंत्री हो या महापौर या प्रशासनिक अधिकारी हों, पिछले 2-3 वर्षों से नागरिकों को आश्वासन पे आश्वासन और डेट पर डेट दे रहे हैं, लेकिन जमीन पर अपेक्षा अनुरूप कार्य होते नहीं दिख रहा है।

भाजपा के आश्वासन के जुमलों ने छला

भाजपा के आश्वासन के जुमलों से शहरवासी छला हुआ महसूस कर रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग तो बदहाल है ही लेकिन शहर की अंदरूनी सड़कों की दशा भी बद से बदतर हो चुकी है। शहर के कई वार्ड की सड़कों का टेंडर हुए कई माह बीत चुके हैं लेकिन ठेकेदारों से काम कराने में निगम प्रशासन अक्षम साबित हुआ है। न केवल सड़क साथ ही स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था, पेयजलापूर्ति, राशन कार्ड जैसे कई मुद्दों पर निगम नकारा साबित हुआ है। गुणवत्तापूर्ण कार्य के अभाव में निगम द्वारा हाल की गर्मियों में बनाए गए सड़कों पर गड्ढे बन गए हैं।

15 अक्टूबर से कार्य प्रारंभ होना था

विधायक, सांसद, महापौर सहित जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वस्त किया था कि 15 अक्टूबर से कार्य प्रारंभ हो जाएंगे जिसे बढ़ाकर दीपावली तक किया गया था लेकिन दीपावली गए एक पखवाड़ा बीत जाने के बाद भी काम अब तक प्रारंभ नहीं हो पाया है। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही निगम को भी 30 नवंबर की तारीख का अल्टीमेटम जारी करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भूख हड़ताल के दायरे में निगम की निर्णय कार्यों के प्रति उदासीनता भी एक कारण रहेगी।

निगम के कार्यों का ऑडिट किया जाएगा

ब्लॉक कांग्रेस अंबिकापुर के मीटिंग में निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने यह प्रस्ताव दिया कि वार्ड स्तर पर घर-घर जाकर निगम के सेवाओं की धरातल पर स्थिति की समीक्षा की जाए। इसे सहर्ष स्वीकार किया गया। कांग्रेस अपने वार्ड में मौजूदा पार्षदों के माध्यम से जबकि भाजपा पार्षदों के वार्ड में चयनित प्रतिनिधि के माध्यम से घर-घर जाकर सड़क, बिजली, पानी, सफाई, राशनकार्ड जैसे विषयों पर नागरिकों से फीडबैक लेगी और उसे निगम के साथ ही साथ जिला प्रशासन तक भी पहुंचाएगी।

Share with