बंगोली के पास अनियंत्रित कार की टक्कर से सांसद लक्ष्मी वर्मा घायल, चार अन्य भी चोटिल

बलौदाबाजार। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा शुक्रवार शाम एक सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गईं। खरोरा-रायपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम बंगोली के पास शाम करीब 6:30 बजे उनकी कार सामने से आ रही एक अन्य कार से टकरा गई। इस हादसे में सांसद लक्ष्मी वर्मा के हाथों में चोट आई है, जबकि दोनों वाहनों में सवार चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, सांसद लक्ष्मी वर्मा खरोरा से रायपुर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान आगे चल रहे एक ट्रैक्टर से साइड लेने के प्रयास में विपरीत दिशा से आ रही एक कार अनियंत्रित हो गई और सीधे सांसद की कार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए खरोरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

वहां शुरुआती इलाज के बाद चिकित्सकों ने सभी की स्थिति सामान्य बताई, लेकिन बेहतर स्वास्थ्य परीक्षण और एहतियाती उपचार के लिए घायलों को निजी वाहन से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर रवाना किया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है।

Share with