UAE से आरोपी के प्रत्यर्पण के बाद BJP का पोस्टर वार, पूर्ववर्ती भूपेश सरकार पर साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से प्रत्यर्पण के जरिए भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI), विदेश मंत्रालय, केंद्रीय गृह मंत्रालय और राज्य की जांच एजेंसियों के समन्वय से पूरी हुई इस कानूनी प्रक्रिया के बाद आरोपी को रायपुर लाया गया।

28 नवंबर की देर रात करीब 11:30 बजे विशेष न्यायाधीश की अनुपस्थिति के कारण उसे रायपुर की विशेष रिमांड कोर्ट में पेश किया गया, जहां दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पूछताछ के लिए आरोपी को 30 नवंबर 2026 तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की रिमांड पर सौंप दिया है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, विकास अग्रवाल पर कथित शराब सिंडिकेट में वित्तीय समन्वयक यानी ‘मनीमैन’ की भूमिका निभाने का आरोप है, जिसके तहत वह शराब कारोबार से जुड़े कमीशन के लेन-देन और रकम के प्रबंधन का काम देखता था।

अब EOW की पूछताछ में इस आर्थिक नेटवर्क, रकम के वितरण और पूरे सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका से जुड़े तथ्यों को खंगाला जाएगा। इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति भी तेज हो गई है भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक पोस्टर जारी कर पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया है कि आरोपी से पूछताछ के बाद घोटाले से जुड़े राज और अनियमितताएं सामने आएंगी।

हालांकि, इस पूरे मामले में विभिन्न लोगों की वास्तविक भूमिका और जिम्मेदारी का निर्धारण जांच एजेंसियों की पड़ताल और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Share with