मैनपाट में जम गई ओस की बूंदें, घास-पैरावट पर बिछी सफेद चादर

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में ठंड ने इस सीजन का सबसे बड़ा कहर बरपा दिया है। छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में इस सीजन पहली बार पाला पड़ा है। जमाव बिंदु पर पहुंचे तापमान के कारण सुबह घास और पैरावट पर ओस की बूंदें जम गईं। चारों तरफ सफेद चादर सी बिछ गई। नजारा ऐसा था जैसे मैनपाट ने बर्फ की चादर ओढ़ ली हो।सुबह-सुबह खेतों, मैदानों और सड़क किनारे घास पर जमी बर्फ जैसी ओस की बूंदें मोतियों की तरह चमक रही थीं। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने इस नजारे की तस्वीरें भी खींचीं। मैनपाट घूमने आए पर्यटकों के लिए यह किसी जन्नत से कम नहीं था, लेकिन स्थानीय लोगों के लिए कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इधर पूरे प्रदेश में ठंड का असर तेजी से बढ़ा है। मौसम साफ होने और बादलों के छंटने के बाद 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। इनमें उत्तरी छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मैदानी इलाके के जिले भी शामिल हैं। ठंड से बचने के लिए ग्रामीण और शहरी इलाकों में लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। सुबह-सुबह चौक-चौराहों, दुकानों के सामने और गांव के मोहल्लों में लोग अलाव तापते नजर आ रहे हैं। बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। लोग गर्म कपड़े, शॉल, स्वेटर और कंबल निकाल चुके हैं। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। हालांकि, इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई खास असर नहीं है और न ही फिलहाल कोई विशेष अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने आने वाले दिनों में भी ठंड का असर बने रहने की संभावना जताई है। उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण सरगुजा संभाग में ठंड और बढ़ेगी।

बलरामपुर 8.8 डिग्री, अंबिकापुर में 8.9 पारा

सरगुजा संभाग के बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया है, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। इसके अलावा सूरजपुर में 9.4 डिग्री और सरगुजा/अंबिकापुर में 8.9 से 9.2 डिग्री के बीच पारा रहा। इन जिलों में रात का पारा काफी नीचे चला गया है, जिससे सुबह और रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। तापमान में यह गिरावट सामान्य से काफी अधिक है। ठंड का असर केवल उत्तरी छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है, बल्कि मैदानी इलाकों को भी प्रभावित कर रहा है।पाला और ठंड दोनों पर्यटकों को भा रहामैनपाट, सामरीपाट जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में पाला और बढ़ सकता है। किसानों को भी पाला से फसलों को नुकसान की चिंता सताने लगी है। सब्जी और दलहन की फसलों पर पाले का असर पड़ सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को ठंड से बचने सुबह जल्दी घर से बाहर नहीं निकलने, गर्म कपड़े पहनने और ठंडे पानी से बचने की सलाह दी है। फिलहाल पाट क्षेत्र की वादियों में पाला और ठंड दोनों ने पर्यटकों को आकर्षित किया है, वहीं ठिठ़रन बढ़ा दी है। सुबह और शाम की ठंड अब हड्डियों को कंपकपाने लगी है। दिन में धूप की गर्माहट कुछ दिन पहले जैसी नहीं रह गई है।

Share with