कबरा हाथी ने 17 हाथियों के दल पर किया कब्जा, ड्रोन में 18 हाथी दिखे देर रात चिंघाड़ से थर्राया इलाका, रेस्क्यू में अब तक सफलता नहीं

उदयपुर। सरगुजा में आतंक का पर्याय बन चुके ‘कबरा कान हाथी’ 17 हाथियों के दल के मुखिया से संघर्ष करने के बाद कुसुआमुड़ा जंगल में डटा है, ऐसे में हाथियों की संख्या 18 हो गई है। वन विभाग और ग्रामीणों के मुताबिक, रात करीब 10 बजे तक कबरा कान और एक अन्य हाथी के बीच भीषण लड़ाई चली। लड़ाई के दौरान जंगल में गूंजी तेज चिंघाड़ से पूरा सायर गांव थर्रा गया। लड़ाई के बाद कबरा ने पुराने मुखिया को ग्रुप से बाहर खदेड़ दिया था, बाद में सभी एक जगह डटे नजर आए। वन विभाग को उम्मीद है कि, हाथियों के समूह का मुखिया बनने के बाद कबरा कान हाथी के आक्रामक स्वभाव में बदलाव आ सकता है।बताया जा रहा है कि, लड़ाई के बाद कबरा हाथी दल के साथ लड़ाई स्थल से करीब दो किलोमीटर दूर कुसुआमुड़ा के जंगल में डटा है, जहां कुछ दिन पहले मादा हथिनी मृत पाई गई थी। यहां कबरा कान हाथी के साथ 18 हाथियों का दल एक साथ मौजूद है। ड्रोन के थर्मल इमेज में भी दल की लोकेशन वहीं मिली है। वन विभाग का अमला और हाथी मित्र दल के एलीफेंट ट्रैकर लगातार निगरानी रख रहे हैं। वनरक्षक मुकेश कुमार राठौर का कहना है कि कबरा कान हाथी 17-18 महीने बाद उदयपुर परिक्षेत्र में प्रवेश किया है, जो बहुत ही आक्रामक और उत्पाती है। 12 नवम्बर को झिरमिट्टी में एक को मौत के घाट उतारने के बाद दो कुमकी हाथियों के माध्यम से ट्रैंक्विलाइज कर पकड़ने का अभियान चलाया गया है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। अभियान जारी रहेगा। इसे रेस्क्यू करने के बाद रमकोला रेस्क्यू सेंटर ले जाया जाएगा।

घेराबंदी करके ट्रैंक्विलाइज की तैयारी

मौके पर मौजूद वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि, लोनर एलिफेंट अपने झुंड से अलग रहता है। इस क्षेत्र में इसके द्वारा कई घटनाएं की गई हैं। सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर इलाके तक इसकी दहशत है। शुक्रवार से ही उदयपुर में इसकी घेराबंदी करके ट्रैंक्विलाइज करने की तैयारी चल रही है। कुमकी हाथियों की टीम मौके पर है, डॉक्टर मौजूद हैं, फील्ड ट्रैकिंग का सिलसिला अनवरत जारी है। ट्रैंक्विलाइज टीम लास्ट लोकेशन के पास है। सुरक्षित स्थिति होने पर ही ट्रैंक्विलाइज की प्रोसेस पूरी की जाएगी।

ढाई महीने से 26 हाथियों का दल मंडरा रहा

ग्रामीण बृज कुमार सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि ढाई महीने से 26 हाथियों का दल उनके लिए खतरा बना हुआ है। फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। दो दिन पहले इस क्षेत्र में प्रवेश किया कबरा कान हाथी का खौफ कुछ अधिक ही है। काफी आक्रामक स्वभाव होने के कारण इलाके के लोगों की नींद उड़ गई है। छोटे-छोटे बच्चों के साथ ठंड में आग तापकर वे रतजगा करने विवश हैं। घर के अंदर-बाहर वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जन-जीवन के लिए खतरा बने हाथी को सिर्फ रेडियो कॉलर लगाना पर्याप्त नहीं है, अभ्यारण्य में भेज देना चाहिए, ताकि हाथी भी सुरक्षित रहें और यहां की जनता और फसल भी सुरक्षित रहे।

सुरक्षा के चलते इलाके के 18 स्कूल बंद

कबरा हाथी की अनियमित चाल और आक्रामकता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने एहतियात बरता है। शुक्रवार को हाथी झिरमिटी के जंगलों में था, तो झिरमिटी संकुल के 6 स्कूल बंद किए गए थे। शनिवार को सायर क्षेत्र में होने से सायर संकुल के 10 स्कूल और महेशपुर संकुल के 2 स्कूल, करीब डेढ़ दर्जन विद्यालय बंद कर दिए गए हैं। रविवार को अवकाश रहने के कारण वैसे भी स्कूल बंद रहेंगे। प्रधान पाठकों को एसएमसी सदस्यों के माध्यम से बच्चों तक सूचना पहुंचाने के लिए कहा गया है।

तीन किमी दूर तक आई चिंघाड़ने की आवाज

उप सरपंच चंद्र यादव ने कहा कि पिछले दो दिनों से कबरा हाथी को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान चल रहा है। शुक्रवार को सुबह दो प्रशिक्षित हाथी जंगल में घुस के खोजबीन किए, पता नहीं चला। रात को हाथियों का दल बाहर खेत में आया, रात करीबन 10 बजे हाथी पूरा धान खा गए और आपस में उनकी लड़ाई भी हुई। जोर-जोर से चिंघाड़ने का आवाज आ रहा था, लगभग तीन किलोमीटर दूर तक इनके चिंघाड़ की आवाज सुनने को मिली। उप सरपंच ने बताया कि लड़ाई के बाद एक हाथी रात करीब 12 बजे भटककर उनके खेत में आ गया था, लेकिन नुकसान नहीं किया और वापस अपने दल में मिल गया। शनिवार को सुबह से रेस्क्यू चल रहा है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।

मैनपाट में धान फसल रौंदा दंतैल, गाय को कुचल कर कापू रेंज की ओर भागा

वन परिक्षेत्र मैनपाट अंतर्गत ग्राम कंडराजा में देर रात एक अकेले नर दंतैल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने खेतों में खड़ी पकी धान की फसल को खा कर और रौंद कर बर्बाद कर दिया। इसी दौरान उसने गांव के किसान राजकुमार यादव की गाय पर हमला कर दिया, उसे कुचलने से मौके पर ही गाय की मौत हो गई।घटना के बाद से पूरे कंडराजा गांव में दहशत है। ग्रामीणों के मुताबिक आधी रात के बाद हाथी खेत की तरफ से बस्ती में घुस आया था। पहले उसने धान की फसल को नुकसान पहुंचाया, फिर बाड़े में बंधी गाय को अपना निशाना बनाया। सुबह जब लोगों ने खेतों का हाल देखा तो फसल पूरी तरह तबाह मिली और गाय मृत अवस्था में पड़ी थी। इससे पीड़ित परिवार में मातम के साथ ही किसानों में भारी नाराजगी है। इसके बाद हाथी गांव से निकल कर सीधे कापू वन परिक्षेत्र के टेढ़सेमार के जंगल की ओर चला गया है। बताया जा रहा है कि फिलहाल वहीं जंगल में उसकी मौजूदगी है। वन विभाग ने दोनों रेंज मैनपाट और कापू के सीमावर्ती गांवों में मुनादी करा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि मैनपाट-कापू बॉर्डर पर हाथियों का आना-जाना आम हो गया है। शाम ढलते ही दल या अकेला हाथी खेतों और घरों तक पहुंच जाता है। लोगों को रात भर टॉर्च, मशाल और ढोल-नगाड़े लेकर पहरा देना पड़ रहा है। बच्चों और मवेशियों को लेकर सबसे ज्यादा डर बना हुआ है।ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांगपीड़ित किसान राजकुमार यादव और अन्य किसानों ने वन विभाग से फसल नुकसान और गाय की मौत का आंकलन मौके पर आकर करने और नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि धान ही उनकी साल भर की आजीविका है। हाथी के हमले से उनकी साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया है। फिलहाल वन अमला हाथी की ट्रैकिंग और ग्रामीणों से अपील कर रहा है कि रात में अकेले खेत या जंगल की ओर न जाएं, हाथी दिखने पर दूरी बनाए रखें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

Share with