नवीन न्याय संहिता के क्रियान्वयन को लेकर ऑल पिलर्स की आईजी की अध्यक्षता में हुई वीसी

अंबिकापुर। नवीन न्याय संहिता के प्रभावी और सुचारू क्रियान्वयन को लेकर 01 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में ऑल पिलर्स के अधिकारियों की महत्वपूर्ण संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में हुई।पुलिस महानिरीक्षक (सीआईडी, सीसीटीएनएस/एससीआरबी) की अध्यक्षता में आयोजित इस राज्य स्तरीय संयुक्त बैठक ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। जिला स्तर पर बैठक की अगुवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला नोडल अधिकारी रितेश चौधरी ने की।बैठक में पुलिस विभाग के अलावा जेल, फॉरेंसिक, अभियोजन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भौतिक रूप से एसपी कार्यालय में उपस्थित होकर वीसी लिंक के जरिए राज्यस्तरीय समीक्षा में शामिल हुए। इससे न्याय प्रणाली के सभी प्रमुख अंगों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। मुख्य समीक्षा बैठक शुरू होने से पहले जिला नोडल अधिकारी ने सभी पिलर्स के अधिकारियों के साथ अंतर-विभागीय समन्वय बैठक की। इसमें जिले में नवीन न्याय संहिता के तहत चल रही प्रक्रियाओं, सामने आ रही चुनौतियों और तकनीकी समन्वय जैसे मेडलीपर और सीसीटीएनएस एकीकरण पर विस्तार से चर्चा हुई। आईजीपी द्वारा समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में जिले में नए कानूनों के तहत साक्ष्य संकलन, फॉरेंसिक रिपोर्टिंग, चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य प्रक्रियाओं को और अधिक पारदर्शी और त्वरित बनाने पर सहमति बनी। बैठक के अंत में जिला नोडल अधिकारी ने सभी विभागों के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने और समय-सीमा के भीतर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

Share with