मंत्री बोले-मूर्ति पूजा नहीं करने वाले गरबा में न जाएं

नाम बदलकर आए तो एफआईआर कराएं

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने गरबा-डांडिया में मुस्लिम समुदाय के प्रवेश को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि मुस्लिम समाज के कुछ युवक गरबा में बदमाशी करने जाते हैं। जो मूर्ति पूजा नहीं करते, हमारे धर्म को नहीं मानते, उन्हें वहां नहीं जाना चाहिए। नाम बदलकर आने वालों की पहचान कर एफआईआर और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

मंत्री अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सफल कार्यकाल को लेकर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने भी कहा है कि गरबा में मूर्ति पूजा और मां दुर्गा की आराधना होती है। मुस्लिम समाज मूर्ति पूजा नहीं करता है, तो उन्हें वहां नहीं जाना चाहिए। यदि शौक है तो अपनी मां-बहन और परिवार के साथ जाएं। मंत्री ने कहा कि मेरा भी यही कहना है कि जब पूजा में हिस्सा नहीं लेना तो दूरी बनानी चाहिए। हर समाज में कुछ लोग गड़बड़ी करते हैं और पूरा समुदाय बदनाम होता है। गरबा को लेकर हमेशा शिकायत रहती है कि मुस्लिम युवक बदमाशी करने आते हैं, इससे पूरा मुस्लिम समाज बदनाम होता है। उन्होंने कहा कि आपस में वैमनस्यता न फैले इसलिए आग्रह कर रहा हूं। जो मां की आराधना नहीं करता, उसे गरबा में नहीं जाना चाहिए। यदि बदमाशी करते पाया गया तो पहचान कर एफआईआर समेत कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। मंत्री के इस बयान के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हिंदू संगठन इसे जायज ठहरा रहे हैं।

Share with