एनएच-130 पर चोरों ने खड़ी ट्रक से 300 लीटर डीजल पार किया

टोल प्लाजा के पास भी ट्रकों को बना रहे निशाना, चोरी पर नहीं लग रहा अंकुश

अंबिकापुर। नेशनल हाईवे 130 पर डीजल चोर गिरोह फिर सक्रिय हो गया है। लखनपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रक से 300 लीटर डीजल चोरी होने का मामला सामने आया है। कार सवार अज्ञात चोरों ने घटना को अंजाम दिया। कई घटनाओं के बाद भी पुलिस डीजल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है।घटना लखनपुर थाना क्षेत्र में एनएच से लगे तालाब के सामने की है। चालक के मुताबिक, वह लखनपुर के आलोक गुप्ता की ट्रक चलाता है। रात करीब साढ़े 4 बजे वह ट्रक क्रमांक सीजी 14 एमएस 9101 में सो रहा था, उसमें से लगभग 300 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया। रात में वे नींद में थे, इस कारण चोरी का पता नहीं चला। सुबह जब उठकर फ्रेश होने गए, तभी इसकी कंपनी की दूसरी गाड़ी आई, उसके चालक के माध्यम से पता चला कि ट्रक वाहन से डीजल चोरी हो गया है। चालक के मुताबिक मौके पर खड़ी अन्य गाड़ियों में डीजल चोरी नहीं हुई, सिर्फ उसकी गाड़ी को ही निशाना बनाया गया है। ट्रक चालकों का कहना है कि टोल प्लाजा के पास भी इसी तरह कार सवार चोरों ने कई ट्रकों से डीजल चोरी का प्रयास किया है। ऐसे में हाईवे पर ट्रक खड़ा कर सोना अब असुरक्षित हो गया है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। देखना यह है डीजल चोर गिरोह पुलिस के शिकंजे में कब तक आ पाता है। हालांकि, पूर्व में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में सरगुजा पुलिस ने डीजल चोर गिरोह के सरगना सहित अन्य अंतर्राज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया था। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इनके द्वारा ही पुन: इस प्रकार की गतिविधि को अंजाम दिया जा रहा है।

Share with