स्टेज पर डांसर से गलबहियां करके नोट न्यौछावर करते नजर आया एक शख्स

वायरल वीडियो में सामने आए चेहरा भाजपा नेता व उपसरपंच का बताया जा रहा

जशपुर। जिले से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो में एक व्यक्ति स्टेज पर बैठकर डांसर के साथ मस्ती करते और नोट लहराते हुए दिख रहा है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को भाजपा नेता से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

वायरल हो रहे वीडियो में रात के समय टेंट में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम चलने का परिदृश्य सामने आ रहा है। स्टेज पर एक व्यक्ति हाथ में नोट लिए हुए बैठा है, उसके पास ही ड्रेस में एक डांसर बैठी है। आसपास कई दर्शक मौजूद हैं और कार्यक्रम देख रहे हैं। युवक नोट लहराते अचानक डांसर को बांह में भरने जैसी हरकत करता है। वीडियो में सामने आया चेहरा भाजपा के पदाधिकारी एवं घोघर के उपसरपंच का बताकर वायरल किया जा रहा है।

सोशल प्लेटफार्म में लोग इस वीडियो को जमकर शेयर कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बन गया है। लोग नेताजी के इस आचरण पर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तरफ भाजपा संस्कार और अनुशासन की बात करती है, वहीं उनके पदाधिकारी सार्वजनिक मंच पर अशोभनीय हरकतें परोस रहे हैं। विपक्षी दलों ने भी इस वीडियो को लेकर भाजपा पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।

हालांकि इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि स्वतंत्र रूप से छत्तीसगढ़ फ्रंटलाइन नहीं करता है। भाजपा जिला संगठन से भी इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन पार्टी के अंदरखाने में इस वीडियो को लेकर नाराजगी बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार पार्टी इस मामले में नेता को नोटिस देकर जवाब मांग सकती है। फिलहाल यह वीडियो जशपुर की राजनीति में भूचाल लाए हुए है।

Share with