विजयादशमी पर शस्त्र-वाहन पूजा, आईजी और एसएसपी ने किया हर्ष फायर

अंबिकापुर। विजयादशमी पर्व के अवसर पर सरगुजा पुलिस द्वारा रक्षित केंद्र अंबिकापुर में शस्त्र एवं वाहन पूजन किया गया। सभी थानों-चौकियों में भी विधि-विधान से शस्त्र पूजन कार्यक्रम हुआ।रक्षित केंद्र अंबिकापुर समेत समस्त थानों-चौकियों में सुबह शस्त्रों और पुलिस वाहनों की पूजा की गई और मंत्रोच्चार के बीच हवन किया गया। जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे और सरगुजा पुलिस आमजनों को न्याय दिलाने में सहयोगी बन सके, इसकी कामना की गई। पूजन के बाद पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों ने हर्ष फायर किया। हर साल की तरह इस साल भी दशहरे पर परंपरागत ढंग से पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार के हथियारों को बाहर निकालकर पूजा-अर्चना करके सुरक्षित रखा गया।

आईजी दीपक झा ने कहा कि विजयादशमी पर पुलिस प्रतिवर्ष शस्त्रों के माध्यम से शक्ति की पूजा करती है। यह पर्व असत्य पर सत्य की जीत का संदेश देता है। पुलिस लाइन में पारंपरिक तरीके से पूजा कर जिले और प्रदेश में शांति व्यवस्था की प्रार्थना की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने जिले वासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सत्य और सदाचरण की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। सरगुजा पुलिस आमजनों के हित में लगातार सेवाएं दे रही है और अपराधों में कमी लाकर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखेगी। शस्त्र पूजन के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक/उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राकेश बघेल, नगर सेना कमांडेंट शिवराम कठौतिया, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित रक्षित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Share with