नाबालिगों को पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में ले गए, बेरहमी से पीटा

बुलेट गैंग ने गाड़ी धीरे चलाने के लिए कहने पर गुंडागर्दी की चरम को पार किया

15-20 लोगों ने बेखौफ घटना को दिया अंजाम, आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज

अंबिकापुर। शहर के नमनाकला पानी टंकी क्षेत्र में बुलेट गैंग की दबंगई का मामला सामने आया है। मोहल्ले में रोजाना तेज रफ्तार बुलेट से पटाखा फोड़ने और गाली-गलौज करके दहशत फैलाने वाले युवकों को एक नाबालिग ने सिर्फ इतना कहा-भैया गाड़ी आराम से चलाइए, तो आरोपियों ने उसे ही निशाना बना लिया। मामला कॉर्मल स्कूल और सत्यम कोचिंग के पास का है।

जानकारी के मुताबिक, पानी टंकी क्षेत्र में कुछ युवक रोजाना बुलेट से स्टंट करते हैं। 22 अक्टूबर को नाबालिग ने जब इनकी रफ्तार को देखकर विनम्रता से गाड़ी धीरे चलाने के लिए कहा तो आरोपियों ने इनके साथ मारपीट शुरू कर दी, बाद में दो नाबालिग बच्चों को जबरन उठाकर पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में ले गए। यहां पहले से मौजूद 15-20 लड़कों ने दोनों नाबालिगों को बेरहमी से हाथ, मुक्का, लात से जमीन पर पटककर बेतहाशा पीटा। वायरल वीडियो में इनके द्वारा दिखाई गई बेरहमी कैद हो गई है, जो पुलिस के संज्ञान में भी आया है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इनके द्वारा कई लोगों से गाली-गलौज और मारपीट की गई है। मोहल्ले में दहशत फैलाकर इनके द्वारा इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है, जिससे बच्चे कोचिंग जाने से डर रहे हैं। पीड़ित परिवार और मोहल्ले वासियों ने पुलिस से आरोपियों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि इस तरह की दबंगई पर रोक लगे, और लोग भयमुक्त होकर आना-जाना कर सकें।

Share with