रेण नदी में डूबने से पिता-पुत्र और मेहमानी में आए दो सगे भाइयों की मौत

शनिवार को बिहार लौटने का था टिकट, क्षेत्र में शोक का माहौल

बिश्रामपुर। जिला मुख्यालय सूरजपुर से लगे ग्राम पंचायत सरस्वतीपुर के ढोंगट घाट स्थित रेण नदी में शनिवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से पिता-पुत्र और बिहार के कटिहार निवासी दो सगे भाइयों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं डूबे लोगों को नदी से बाहर निकालने में स्थानीय युवाओं ने सहयोग कर सराहनीय तत्परता दिखाई।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10.30 बजे सूरजपुर के चंदरपुर ढूंढरा निवासी 45 वर्षीय विवेक सिंह पिता विद्यानंद सिंह अपने पुत्र 20 वर्षीय अभिजीत सिंह तथा कटिहार से मेहमानी करने आए 15 वर्षीय कृष्ण गोपाल पिता जितेंद्र सिंह और 13 वर्षीय गोपाल कृष्ण पिता जितेंद्र सिंह के साथ दो स्कूटी क्रमांक सीजी 15 डीसी 9369 व सीजी 29 एई 5409 से ढोंगट घाट पहुंचे थे। यहां पर नहाने के दौरान चारों गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। चर्चा है कि, मृतक हादसे से पहले सूरजपुर स्थित महामाया मंदिर भी गए थे। बताया जा रहा है कि मृतक अभिजीत अपने पिता का इकलौता पुत्र था जबकि सगे भाई कृष्ण गोपाल और गोपाल कृष्ण भी अपने माता-पिता के दो ही संतान थे।

स्थानीय युवाओं ने दिखाई हिम्मत

हादसे के दौरान ग्राम पंचायत सरस्वतीपुर निवासी मनीष सिंह पिता नाहर सिंह, कमल सिंह पिता साहेबा और गणेश सिंह पिता सूर्य नारायण सिंह ने नदी में डूबे लोगों को बाहर निकालने में सहयोग किया। संकट की घड़ी में तीनों युवाओं की तत्परता सराहनीय रही।

दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। विवेक सिंह पिछले करीब 12 वर्षों से चंदरपुर में पत्नी नेहा सिंह और बच्चों के साथ रह रहे थे। वे अडानी समूह में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। पिता-पुत्र की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अभिजीत इनका इकलौता पुत्र था। वहीं दोनों सगे भाइयों गोपाल कृष्ण व कृष्ण गोपाल के पिता जितेंद्र सिंह सेना में कार्यरत बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार दोनों बच्चों का शनिवार को ही बिहार के कटिहार लौटने का टिकट बुक था। घर वापसी की तैयारी के बीच हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बिश्रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विकास देशमुख, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश तिवारी व निलेंद्र द्विवेदी, आरक्षक अजय सिंह तत्काल दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। इनके द्वारा चारों शवों को निकलवाकर मौका पंचनामा करके पोस्टमार्टम हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिश्रामपुर में भिजवा दिया है।

Share with