गांधी स्टेडियम और चौपाटी से 5 बाइक चुराने वाला शातिर गिरफ्तार

बाइक चोर गिरोह का कोतवाली थाना पुलिस ने किया भंडाफोड़

अंबिकापुर। शहर में लगातार हो रही बाइक चोरियों पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में मोटरसाइकिल चोरी के 5 मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई, जिनकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये है।मामले का खुलासा 12 नवंबर की घटना से हुआ। आदित्य कुजूर निवासी महुआपारा सुबह अपनी होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीके 2980 से गांधी स्टेडियम आया था। बाइक स्टेडियम के बाहर खड़ी करके अंदर गया और कुछ देर बाद लौटा तो बाइक गायब थी। इस पर कोतवाली थाने में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सभी 5 बाइकें बरामद कर ली हैं। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया है। पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक आलोक सोनी, प्रधान आरक्षक सूरज राय, सियाराम मरावी, सदरक लकड़ा, आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, शिव राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।

बिहार का रहने वाला है आरोपी

चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने टीम को जल्द आरोपी पकड़ने के निर्देश दिए थे। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की बाइक बेचने की फिराक में है। घेराबंदी कर पुलिस ने विजय गुप्ता आत्मज इंद्रदेव गुप्ता 50 वर्ष निवासी थाना डेहरी कोयला डिपो के पास, जिला रोहतास बिहार, हाल मुकाम केदारपुर अंबिकापुर को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने गांधी स्टेडियम के बाहर से होंडा ड्रीम युगा चोरी करना कबूल किया। इसके अलावा उसने बताया कि उसने चौपाटी और स्टेडियम क्षेत्र से ही 1 बजाज सीटी, 1 स्प्लेंडर प्लस और 2 होंडा ड्रीम शाइन सहित कुल 4 अन्य बाइकें भी चुराई हैं।

Share with