ऑटो चालक से हथियार दिखाकर लूट, फरार आरोपी बुलेट वाहन के साथ गिरफ्तार

अंबिकापुर। थाना गांधीनगर पुलिस ने ऑटो चालक से डकैती के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जप्त की गई है। इस मामले में पूर्व में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

जानकारी के मुताबिक, मामला 12 मई 2026 की रात का है। धर्मेन्द्र यादव पिता गणेश प्रसाद यादव निवासी कल्याणपुर, थाना जयनगर, शादी समारोह से ऑटो लेकर कोलडीहा से अपने घर जा रहा था। रात करीब 12.40 बजे ग्राम घंधरी गेरवानी नाला के पास 6 पल्सर पर सवार 10-12 लड़कों ने पीछा कर ऑटो के सामने बाइक लगाकर उसे रोक लिया। आरोपियों ने जेब से गन निकालकर जान से मारने की धमकी दी और एकवा कंपनी का मोबाइल लूटकर भाग गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर बीते 13 मई को थाना गांधीनगर में धारा 126(2), 310(2)बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में वैभव मिश्रा उर्फ राज मिश्रा, लवकुश कुमार, सुमित विश्वास और मनीष देवनाथ को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 4 मोबाइल और 1 पल्सर बाइक जप्त की गई थी। इसी क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने फरार आरोपी सचिन प्रताप पुरी पिता कृष्णा कुमार पुरी 20 वर्ष निवासी बौरीपारा शिकारी रोड मगरढोड़ा, अंबिकापुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर बुलेट मोटरसाइकिल जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, आरक्षक राहुल सिंह, रमन मंडल, उमाशंकर साहू और उमेश गुप्ता सक्रिय रहे।

Share with