देश के सबसे तेज धावक अनिमेष कुजूर का सरगुजा पुलिस ने किया सम्मान

आईजी अंकित झा ने बताया युवाओं के लिए प्रेरणा

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस परिवार के लिए रविवार का दिन गौरव का दिन रहा। देश के सबसे तेज धावक अनिमेष कुजूर को रक्षित केंद्र अंबिकापुर में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। अनिमेष सरगुजा में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर के सुपुत्र हैं।यह सम्मान समारोह पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अंकित झा और डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। समारोह में आईजी सरगुजा रेंज और डीआईजी एवं एसएसपी ने अनिमेष की उपलब्धियों को असाधारण बताते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे सरगुजा ही नहीं, देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। अनिमेष कुजूर ने एथलेटिक्स में इतिहास रचा है। उन्होंने 100 मीटर दौड़ में 10.14 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर जर्मनी के वेट्जलर में विदेशी धरती पर सबसे तेज भारतीय होने का गौरव हासिल किया है। साथ ही 200 मीटर में 20.32 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी उनके नाम है। वे डायमंड लीग में दौड़ने वाले और विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक हैं।

2 जून 2003 को जशपुर जिले के ग्राम घुंटगांव में जन्मे अनिमेष एक पुलिस परिवार से आते हैं। बस्तर के संघर्षशील मैदानों से निकलकर विश्व मंच तक का उनका सफर कड़ी मेहनत और अनुशासन की मिसाल है। उन्होंने एशियाई खेल 2026 और एशियाई रिले चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता है, जबकि सीनियर फेडरेशन कप 2026 और इंटर-स्टेट चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक हासिल कर देश का नाम रोशन किया है।

‘साइबर जागृति अभियानÓ में ‘सरगुजा पुलिसÓ रेंज में प्रथम

समारोह के अंत में सरगुजा पुलिस को एक और बड़ी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए गए ‘साइबर जागृति अभियानÓ में सरगुजा पुलिस ने सरगुजा रेंज में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस पर आईजी सरगुजा रेंज द्वारा डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक बंसोड़, प्रशिक्षु आईपीएस डीएसपी तुल सिंह पट्टावी, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, प्रशिक्षु सूबेदार पेमिन वर्मा, प्रशिक्षु सूबेदार गुलशन चंद्रा सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे।

Share with