युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या, घर में मिले संघर्ष के निशान

फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड के साथ पुलिस टीम की मौका जांच, संदिग्धों से चल रही पूछताछ

लखनपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुरिकला टिकरापारा में 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक की पहचान अंगद राम चौधरी पिता घूरसाय चौधरी 40 वर्ष निवासी राजपुरीकला के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम रजपुरीकला निवासी महादेव चौधरी ने लखनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 2 नवंबर की रात करीब 7.30 बजे उसका बड़ा भाई अंगद राम चौधरी घर पर अकेले था। इस दौरान वह पड़ोस में रहने वाले धर्मेंद्र चौधरी के घर गया, यहां धर्मेंद्र के दादा जगसाय चौधरी की उम्र अधिक होने के कारण उनकी देखरेख कर रहा था। स्वजन के अनुसार मृतक उस समय शराब के नशे में था और उसे धर्मेंद्र चौधरी ने वापस उसके घर छोड़ दिया था। इसी रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने अंगद राम चौधरी की धारदार हथियार से हत्या करके शव को घर के बाहर बाड़ी में फेंक दिया। 3 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे गांव के ही रोशन चौधरी ने महादेव चौधरी को घटना की जानकारी दी। महादेव अपने पिता के साथ मौके पर पहुंचा तो बड़े भाई के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले और कपड़े खून से सने हुए थे। सूचना पर लखनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के गले और सिर पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान हैं। घर के अंदर से लेकर आंगन तक घसीटने और संघर्ष के निशान मिले हैं। घर के भीतर एक प्लास्टिक की कुर्सी टूटी हुई पड़ी थी, दीवारों और जमीन पर खून के छींटे बिखरे हुए थे। आशंका है कि हमलावरों ने घर के अंदर ही हमला किया और जान बचाने के लिए अंगद आंगन की ओर भागा, यहां गिरने के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। हत्या के कारणों को लेकर सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

Share with