कर्म कट्टरा जंगल में 17 हाथियों के दल ने डाला डेरा, इलाके में दहशत

इलाके में ग्रामीणों के साथ वन अमला कर रहा निगरानी

उदयपुर। वन परिक्षेत्र उदयपुर के कर्म कट्टरा जंगल में एक बार फिर 17 हाथियों के दल ने डेरा जमा लिया है। सोमवार रात करीब 11 बजे हाथियों के दल के उदयपुर के नजदीक जंगल में पहुंचते ही आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यह दल मैनपाट से केदमा-लालपुर, बिनिया, अरगोती और कुमडेवा की बिछलघाटी होते हुए कर्म कट्टरा जंगल पहुंचा है। दल में छोटे-बड़े सभी 17 हाथी शामिल हैं। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम अलर्ट मोड पर है और लगातार निगरानी कर रहा है। रात के समय ड्रोन कैमरे से हाथियों की लोकेशन और मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है ताकि जनहानि से बचा जा सके। विभाग के तीन वाहन मानपुर, झिरमिटी, मोहनपुर, जजगी, महेशपुर, फूनगी और लक्ष्मणगढ़ गांवों में लगातार मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क कर रहे हैं। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे रात में जंगल की ओर न जाएं, महुआ शराब न बनाएं और हाथियों को परेशान न करें। वनपाल उदयपुर रामबिलास सिंह ने बताया कि हाथियों के दल की निगरानी की जा रही है और ग्रामीणों को सुरक्षित रहने की समझाइश दी जा रही है।

Share with