वन अमले ने मादा हाथी के शव को दफन कराया, 5 संदेहियों से पूछताछ जारी

एक और हाथी के मौत की खबर पर डॉग स्क्वायड के साथ खंगाला जंगल, नहीं मिला सुराग

उदयपुर। वन परिक्षेत्र उदयपुर के लक्ष्मणगढ़ सर्किल में मादा हाथी की मौत के मामले में वन विभाग की जांच तेज हो गई है। 10 नवंबर, मंगलवार को ग्राम सुखरी भंडार के कुसुवामुड़ा के पास बरामद मादा हाथी के शव का पशु चिकित्सकों से पोस्टमार्टम करवाने के बाद जेसीबी से गड्ढा खोदकर दफना दिया है। आशंका है कि हाथी को करंट लगाकर मारा गया है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही वास्तविक तथ्य सामने आ पाएगा। इधर पुलिस और वन अमले की संयुक्त टीमें मादा हाथी की मौत के बाद अलर्ट है, और संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।मादा हाथी के दफन प्रक्रिया दौरान डीएफओ लोकनाथ पटेल, एसडीओ सपना मुखर्जी, रेंजर फेंकू चौबे समेत उदयपुर वन विभाग का पूरा अमला मौके पर मौजूद रहे। इसी क्रम में एक और हाथी के मौत की उड़ी खबर से हरकत में आए अधिकारियों ने डॉग स्क्वायड और पुलिस की संयुक्त टीम के साथ पूरे जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। डॉग स्क्वायड को उसी जगह से ट्रेल कराया गया, जहां से खेतों में करंट का तार बिछाया गया था। टीम ने आसपास के कई किलोमीटर जंगल को खंगाला, लेकिन दूसरे हाथी का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इधर बिजली पोल से हुकिंग करके करंट प्रवाहित तार का जाल फैलाने वालों के तलाश में भी टीम लगी है। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ संदिग्ध चेहरे सामने आए हैं।

अभी तक 14 संदेही लिए गए हिरासत में

इधर वन व पुलिस विभाग की टीम ने सुखरी भंडार के ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की। पहले 7 संदेहियों को हिरासत में लेकर वन कार्यालय में कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें कई अन्य लोगों के नाम सामने आए। 14 लोगों से पूछताछ के बाद 9 लोगों को छोड़ देने की खबर है, जबकि 5 लोगों से अभी भी पूछताछ जारी है। इनके द्वारा भी कुछ अन्य नाम सामने लाए गए हैं, जिन्हें हिरासत में लेने के लिए टीम दबिश दे रही है।

संदेहियों से पूछताछ जारी, होगी कड़ी कार्रवाई

रेंजर फेंकू चौबे ने बताया कि हिरासत में लिए गए पांचों लोगों से लगातार पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि दूसरे हाथी की मौत की सूचना पर पूरे जंगल की सघन तलाशी ली गई, लेकिन इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है। मामले में पूछताछ पूरी होने के बाद गुरूवार को सभी आरोपियों के विरूद्ध विधि अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Share with