छठ महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर-एसएसपी घाटों तक पहुंचे

अधिकारियों को समुचित प्रकाश, यातायात व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए जरूरी निर्देश

अंबिकापुर। छठ महापर्व के मद्देनजर आमजनों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को कलेक्टर अजीत वसंत एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने शहर के शंकर घाट एवं खर्रा नदी पर बने घुनघुट्टा घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसएसपी ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ दोनों छठ घाटों पर पहुंचकर तैयारियों का अवलोकन किया। शंकर घाट में कलेक्टर अजीत वसंत ने छठ पूजा समिति के सदस्यों से चर्चा कर पर्व के आयोजन एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पूजा स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, नगर सैनिकों की ड्यूटी लगाने, मुख्य मार्गों पर आवश्यक बैरिकेडिंग करने तथा श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पार्किंग व्यवस्था, आवागमन के लिए रूट निर्धारण, सुचारु यातायात और स्वास्थ्य टीम की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

इसके पश्चात कलेक्टर एवं एसएसपी ने घुनघुट्टा घाट का निरीक्षण किया। यहां छठ पूजा समिति के सदस्यों से तैयारियों की जानकारी ली तथा आवश्यक प्रशासनिक सहयोग को लेकर चर्चा की गई। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा और निगरानी के लिए राजस्व विभाग की टीम के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों घाटों पर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने तथा श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन एवं व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

शंकर घाट में 40 हजार श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान

आस्था के महापर्व छठ पूजा का बड़ा आयोजन शंकर घाट व खर्रा नदी, पैलेस तालाब में होता है। शंकर घाट में महामाया छठ सेवा समिति द्वारा 28वें वर्ष छठ महापर्व का आयोजन किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष विजय सोनी ने बताया कि पिछले एक महीने से घाट में सफाई के अलावा टेंट-पंडाल लगाने की तैयारियां चल रही है। घाट की गोबर से लिपाई, पंडाल निर्माण, रंग-बिरंगी लाइटिंग और श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था समिति द्वारा की जा रही है। समिति के अनुसार इस वर्ष घाट में करीब 40 हजार श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।

खर्रा नदी पर 1200 घाट तैयार, गंगा आरती व सांस्कृतिक कार्यक्रमों होंगे

घुनघुट्टा श्याम सेवा समिति सोहगा-करजी द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी खर्रा नदी पर छठ पूजा का बृहद आयोजन किया जा रहा है। पिछले वर्ष उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए इस बार समिति ने दोनों ओर मिलाकर लगभग 1200 घाटों के निर्माण की तैयारी पूरी कर ली है। हजारों वाहनों की पार्किंग के लिए 3 अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। समिति द्वारा 15 नवंबर की शाम 3 बजे से लेकर सुबह तक भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम और सुबह-शाम भव्य गंगा आरती का भी आयोजन किया जाएगा।समिति के संरक्षक राकेश गुप्ता ने बताया कि छठ घाट के टोकन 12 नवंबर से प्राप्त किए जा सकते हैं। टोकन के लिए श्रद्धालु खर्रा नदी पर समिति के सदस्यों से या अंबिकापुर में न्यू महामाया रोड स्थित ग्रामीण बैंक के बगल में महामाया मिल स्टोर से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने सभी छठ व्रती माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं से छठ पूजा में शामिल होने का आग्रह किया है। कलेक्टर और एसएसपी ने घाट पर की गई तैयारियों को देखकर संतुष्टि जताई और समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान समिति के अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता, संजीव कश्यप, नारद गुप्ता, प्रेम कुशवाहा, उत्तम राजवाड़े, निलेश कश्यप, वितिष गुप्ता, मानसून गुप्ता, नीरज गुप्ता, राकेश सोनी, प्रकाश सोनी, मुकेश गिरी, विपिन कुशवाहा, संदीप गुप्ता, तेजराज गुप्ता, पंकज गुप्ता, विकास कश्यप, अमन गुप्ता, धनेश्वर गिरी, गणेश भारती, शुभम कुशवाहा, आशीष कुशवाहा, अंशुल कुशवाहा, दक्ष राज सोनी, शशी कुशवाहा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

खरना पूजन 14 को, उमड़ेंगे श्रद्धालु

14 नवंबर को खरना पूजन के साथ ही घाट पर भीड़ जुटना शुरू हो जाएगी। मुख्य आयोजन 15 नवंबर को शाम के अर्घ्य से शुरू होगा, जो शाम 3 बजे से शुरू होकर देर रात तक चलेगा और 16 नवंबर की सुबह 8 बजे सूर्योदय अर्घ्य के साथ समापन होगा। समिति ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी रात में करीब 10 हजार श्रद्धालु घाट पर ही रुकेंगे, इनके लिए अलाव, दूध और प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। भीड़ को देखते हुए समिति ने प्रशासन से अतिरिक्त पुलिस बल और ट्रैफिक व्यवस्था करने का आग्रह किया है।

Share with