अंबिकापुर-हैदराबाद हवाई सेवा शुरू होने पर सांसद बोले-सरगुजा की कनेक्टिविटी को मिली नई उड़ान

प्रथम यात्री बनकर पहुंचे विधायक प्रबोध मिंज और पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, मिठाई खिलाकर मनाया जश्न, सप्ताह में 3 दिन रायपुर के लिए भी उड़ान

अंबिकापुर। अंबिकापुर-हैदराबाद हवाई सेवा के शुभारंभ पर भाजपा सरगुजा ने मंगलवार 28 अक्टूबर को दरिमा विमानतल परिसर में आभार कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक प्रबोध मिंज, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, महापौर मंजूषा भगत, जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी विशेष रूप से उपस्थित रहे। हवाई सेवा के शुभारंभ दिवस पर प्रथम यात्रियों के रूप में विधायक प्रबोध मिंज एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह हैदराबाद से अंबिकापुर पहुंचे। दरिमा एयरपोर्ट पर सांसद चिंतामणि महाराज सहित भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों को मिठाई खिलाकर हवाई सेवा की शुरुआत पर बधाई दी गई।कार्यक्रम में पार्षद आलोक दुबे, शशिकांत जायसवाल, सालेम केरकेट्टा, दरिमा मंडल अध्यक्ष राजू सिंह, नवानगर के पूर्व मंडल अध्यक्ष बालनाथ यादव, अंशुमल गर्ग, शिवचरण गिरी, मुकेश गिरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

सांसद ने पीएम मोदी और उड्डयन मंत्री का जताया आभार

सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय उड्डयन मंत्री के प्रति आभार है। हवाई सेवा शुरू होने से सरगुजा की कनेक्टिविटी को नई उड़ान मिली है। इससे विकास, व्यापार एवं पर्यटन के नए अवसर खुलेंगे और क्षेत्र की प्रगति को गति मिलेगी। विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि सरगुजावासियों को हवाई सेवा का लाभ मिलना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस सेवा को शुरू कराने में सांसद चिंतामणि महाराज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि हवाई सेवा की शुरुआत सरगुजा के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगी। इससे आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की पहचान और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि हवाई सेवा से अंबिकापुर को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने भी प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने किया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा अनुदानित शुल्क पर सप्ताह में तीन दिन अंबिकापुर से रायपुर के लिए विमान सेवा का परिचालन भी किया जा रहा है।

Share with