कांग्रेस ने मंडल चौपाल से वोट बचाओ-देश बचाओ का बिगुल फूंका

दिग्गज बोले-भाजपा वोट चोरी करके राशन पर डाल रही डाका

अंबिकापुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तीसरे चरण के तहत सरगुजा संभाग में जमीनी लड़ाई शुरू हो गई है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 11 नवंबर से मंडल स्तर पर चौपाल कार्यक्रम का आगाज किया गया है। इसके लिए एआईसीसी ने देवाशीष पटनायक को सरगुजा संभाग का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।पहले दिन सरगुजा जिले के 7 मंडलों में चौपाल का आयोजन किया गया। एआईसीसी पर्यवेक्षक देवाशीष पटनायक ने सीतापुर मंडल, रघुनाथपुर मंडल और अंबिकापुर शहर के विशुनपुर मंडल की चौपाल में शिरकत की। कार्यक्रम की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि विशुनपुर मंडल के प्रभारी पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और सीतापुर मंडल के प्रभारी पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत बनाए गए हैं।

चौपाल को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक देवाशीष पटनायक ने भाजपा और चुनाव आयोग पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के माध्यम से पूरी चुनावी प्रक्रिया को काबू में कर देश की सत्ता हमेशा के लिए हथियाना चाहती है। 13 करोड़ लोगों का नाम वोटर लिस्ट से काटने के बाद अब मोदी सरकार की नजर लोगों के राशन कार्ड पर है। सरकार आधार कार्ड की जगह वोटर कार्ड को लाभार्थियों के चयन का आधार बनाकर गरीबों को राशन से वंचित करना चाहती है।

राहुल गांधी की बात सही साबित हो रही

पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनाव आयोग के जरिए वोटर लिस्ट को ही नागरिकता का दस्तावेज बना दिया है। उन्होंने कहा कि एक साल पहले राहुल गांधी ने कहा था कि मोदी सरकार एसआईआर के नाम पर विरोधी मतदाताओं के नाम काट रही है। कल इसी के आधार पर राशन, जमीन के पट्टे, आयुष्मान योजना जैसे लाभों से बड़ी संख्या में नागरिकों को वंचित करने की तैयारी है। राहुल गांधी की बात आज सही साबित हो रही है। केंद्र सरकार ने आधार के स्थान पर वोटर कार्ड को योजना का आधार बनाने की तैयारी कर ली है।

भाजपा ने देश में लोकतंत्र को समाप्त किया

पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर कंट्रोल कर भाजपा ने देश में लोकतंत्र को समाप्त कर दिया है। कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में एक बार फिर देश में लोकतंत्र की स्थापना के लिए कमर कस चुकी है।

बूथ स्तर तक जाएगी कांग्रेस

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा लिए गए असंवैधानिक निर्णयों और गलत एसआईआर के जरिए देश में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे जाने के विरोध में कांग्रेस ने 2 अक्टूबर से वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान शुरू किया था। 1 नवंबर को दिल्ली में इंडिया गठबंधन की विशाल रैली हुई। अब तीसरे चरण में वोट चोरी के संगठित प्रयास को आमजन तक पहुंचाने के लिए मंडल और बूथ स्तर पर चौपाल का निर्णय लिया गया है। 15 नवंबर तक मंडल स्तरीय चौपाल चलेगी, वहीं 16 से 25 नवंबर तक बूथ स्तर पर सघन जनसंपर्क और चौपाल का आयोजन होगा।

टी.एस. सिंहदेव सभी 10 मंडलों के प्रभारी

इसके लिए कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं को प्रभारी बनाया गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव स्वयं अंबिकापुर शहर ब्लॉक के सभी दस मंडलों के प्रभारी हैं। वहीं 18 नवंबर को छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत स्वयं सरगुजा जिले में बूथ स्तरीय चौपाल में शामिल होंगे। इन चौपालों में ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, बूथ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Share with