अभिरुचि केंद्र का महापौर ने किया शुभारंभ, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल को सराहा

अंबिकापुर। शहर में महिलाओं को हुनरमंद और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अभिरुचि केंद्र का शुभारंभ किया गया। महापौर मंजूषा भगत, एमआईसी सदस्य श्वेता गुप्ता, सुधा वर्मा और सेवा किटी की वरिष्ठ सदस्य संतोष पांडे, जया तिवारी, कुंजबाला जायसवाल की उपस्थिति में केंद्र का उद्घाटन हुआ।इस अवसर पर संस्थापिका वंदना दत्ता ने अभिरुचि केंद्र के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 2019 से शहर की 60 सेवा भावी बहनों के सहयोग से सेवा किटी निरंतर जनहित के कार्य कर रही है। वर्ष 2022 में होटलों में अन्न की बर्बादी रोकने के लिए जागरूकता बोर्ड लगाए गए थे। इस संबंध में निगम को दिए गए आवेदन की प्रति महापौर को सौंपी गई और अन्न की बर्बादी रोकने के लिए निगम स्तर पर प्रयास करने का अनुरोध किया गया।महापौर मंजूषा भगत ने सेवा किटी की सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह मंच महिलाओं को नया सीखने, प्रतिभा निखारने और हुनर को दूसरों तक पहुंचाने का अवसर देता है। यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि निगम हमेशा इस नेक कार्य में सहयोग देगा और अन्न की बर्बादी रोकने के प्रस्ताव को एमआईसी की बैठक में रखा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को खरीदकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहयोग करें।

एमआईसी सदस्य श्वेता गुप्ता ने कहा कि मोबाइल के युग में अभिरुचि केंद्र महिलाओं और बच्चों को नया सीखने का मंच देगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बनेंगी। इस दौरान डॉ. तृप्ति विश्वास ने मनोवैज्ञानिक परामर्श, जानकी सिंह ने परिवार परामर्श, अनामिका चक्रवर्ती वर्मा ने करियर गाइडेंस, अनुभा डबराल ने सेल्फ मेकअप, चेतना मुंजे ने रंगोली, आभा वर्मा ने नृत्य, नेहा वर्मा ने हस्तशिल्प, आशा सोनी ने सिलाई सहित गायन, गोदना आर्ट, केक निर्माण आदि प्रशिक्षणों की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रियंका चैबे, सरस्वती सोनी, सोनी सिन्हा, मधु चैदहा, संजीता स्वर्णकार, सत्या दुबे, मिलन शर्मा, ज्योति द्विवेदी, सुधा तिवारी, दीपमाला सिंह, सुनीता दास सहित 15 प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहीं। आगामी 22 अक्टूबर से 5 दिवसीय सेल्फ मेकअप कोर्स शुरू होगा, जिसमें प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे।

Share with