‘कबरा कान हाथी’ का रेस्क्यू तेज, कुमकी हाथी ‘तीरथ-दुर्योधन’ मैदान में

रायपुर से पहुंचे एक्सपर्ट, इधर हाथियों के चिंघाड़ से दहल रहा इलाका

सायर बाजार के पीछे जंगल में डटा 18 हाथियों का दल, ड्रोन से मिला लोकेशन

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में दहशत का पर्याय बन चुके ‘कबरा कान हाथी’ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने बड़ा ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पिछले 6 महीने में 19 लोगों की जान ले चुका यह जंगली हाथी फिलहाल उदयपुर वन परिक्षेत्र के जंगलों में विचरण कर रहा है। इसे पकड़ने के लिए 2 ट्रेंड कुमकी हाथियों तीरथ और दुर्योधन को मैदान में उतारा गया है। 18 हाथियों का एक बड़ा दल सायर बाजार के पीछे वाले जंगल में डटा हुआ है। वन विभाग को ड्रोन सर्वे में थर्मल इमेज के जरिए हाथियों के दल का लोकेशन मिला है।

जंगल में हाथियों के आपस में लड़ने के दौरान जोर-जोर से चिंघाड़ने की आवाजें आ रही हैं, जिससे आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। हाथियों की चिंघाड़ इतनी तेज है कि दूर-दूर तक सुनाई दे रही है और ग्रामीण घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। इधर कबरा कान हाथी को ट्रैंक्विलाइज करने के लिए रायपुर से आई विशेषज्ञ टीम के साथ वन विभाग का अमला लगातार इलाके में पैनी नजर बनाए हुए है। थर्मल ड्रोन से पूरे दल की मूवमेंट ट्रैक की जा रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो और ग्रामीणों को सुरक्षित रखा जा सके। वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने और सतर्क रहने की अपील की है।वन विभाग के मुताबिक, बुधवार रात से गुरुवार शाम के बीच इस हाथी ने 2 महिलाओं को कुचलकर मार दिया था और एक अन्य महिला को घायल कर दिया था, इसके बाद विभाग ने उसे ट्रैंक्विलाइज करने का फैसला लिया है। वन विभाग की कार्ययोजना के अनुसार कुमकी हाथी ‘तीरथÓ की मदद से कबरा कान हाथी को जंगल में ट्रैक किया जा रहा है। ड्रोन कैमरों से भी उसकी लोकेशन पर नजर रखी जा रही है। एक बार लोकेशन कन्फर्म होते ही दूसरे कुमकी हाथी ‘दुर्योधनÓ की मदद से एक्सपर्ट टीम उसे बेहोश करने के बाद रेस्क्यू करेगी। करीब 5 साल पहले बिगड़ैल हाथियों को कंट्रोल करने के लिए कर्नाटक से 5 कुमकी हाथियों को सरगुजा लाया गया था। इन्हीं में से दो को इस खतरनाक ऑपरेशन में लगाया गया है।

10 दिन में 7 की मौत, गांवों में दहशत

कबरा कान हाथी का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि पिछले 10 दिनों में ही वह 7 लोगों की जान ले चुका है। इनमें से 6 मौतें सूरजपुर जिले में और एक मौत सरगुजा जिले में हुई है। इसके अलावा वह बलरामपुर जिले में भी कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। लगातार हो रही मौतों से उदयपुर अंचल के ग्रामीणों में भारी दहशत है। शाम होते ही लोग घरों में दुबकने मजबूर हैं, इसके बाद भी खतरे का साया मंडराते रहता है। डीएफओ के नेतृत्व में वन विभाग का पूरा अमला उदयपुर के जंगल में कैंप किए हुए है और हाथी की हर मूवमेंट पर नजर रख रहा है।

Share with