नाले में मिला अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव, इलाके में फैली सनसनी

बलरामपुर। बलरामपुर जिले में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सरना गांव के पास एक नाले में अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव की हालत खराब होने के कारण फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मामला रघुनाथनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने नाले में एक व्यक्ति का शव तैरते हुए देखा। इसकी खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शव काफी पुराना होने और सड़-गल जाने के कारण मृतक की पहचान करना फिलहाल मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

Share with