मुंगेली जिला न्यायालय में आरोपी का हंगामा: कटघरे से कूदकर जज को दी जान से मारने की धमकी

मुंगेली ।छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिला न्यायालय में पेशी के दौरान ट्रक चोरी के एक आरोपी ने अभूतपूर्व हंगामा किया। आरोपी ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने के बाद कटघरे से छलांग लगा दी और पीठासीन अधिकारी (जज) के समीप पहुंचकर कांच के फ्रेम को तोड़ने का प्रयास किया। साथ ही, न्यायिक अधिकारी और अदालत के कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 16 नवंबर की है। सरगांव थाना पुलिस ने ट्रक चोरी के मामले में भगतराम राजपूत (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। शाम करीब 4:30 बजे उसे रिमांड पर मुंगेली जिला न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय कक्ष में प्रवेश के दौरान जब पुलिसकर्मियों ने उसे कटघरे में खड़ा होने को कहा, तो उसने अपना नाम बताने से इंकार करते हुए पुलिस बल के साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पीठासीन अधिकारी की तरफ उंगली उठाकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इसके बाद वह अचानक कटघरे से कूदकर न्यायिक आसन के पास लगे कांच के फ्रेम तक जा पहुंचा और उसे क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। इस दौरान उसने न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ भी गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दीं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) शत्रुघन कुमार ने स्वयं थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मुंगेली पुलिस ने आरोपी भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत आपराधिक मामला पंजीबद्ध कर लिया है।

फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। इस सनसनीखेज घटना के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Share with