कांकेर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, जंगल में मिला नक्सलियों का डम्प; हथियार और विस्फोटक बरामद

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को अहम सफलता मिली है। कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डम्प बरामद किया गया है। इसमें हथियार, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री मिली है।

जानकारी के मुताबिक, 16 नवंबर को ग्राम मोदेमरका और मिच्चेबेड़ा के बीच जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान जवानों को नक्सलियों का डम्प मिला। तलाशी लेने पर एक भारमार बंदूक, करीब एक किलो संदिग्ध आईईडी मैकेनिज्म, लगभग एक किलो गन पाउडर, दो डेटोनेटर सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बरामद आईईडी मैकेनिज्म और अन्य विस्फोटक पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इससे संभावित खतरे को टालने में मदद मिली।यह कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर एसपी निखिल राखेचा और बीएसएफ की 40वीं वाहिनी के प्रभारी सेनानी नरेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।

अभियान में जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बीडीएस के जवान शामिल थे। कांकेर पुलिस के अनुसार, नक्सल प्रभावित सीमावर्ती इलाकों में लगातार संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Share with